बरेली: अधूरी तैयारी के बीच 3.33 लाख बच्चे देंगे अर्द्ध वार्षिक परीक्षा
DEMO IMAGE
बरेली, अमृत विचार। आधी अधूरी तैयारी के बीच सोमवार से परिषदीय स्कूलों में 3.33 लाख बच्चे अर्द्ध वार्षिक परीक्षा देंगे। अधिकांश विद्यालयों में शिक्षकों ने अपने स्तर से तैयारियां की हैं, क्योंकि परीक्षा के लिए अभी तक बजट नहीं आया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार परीक्षा का बजट बाद में जारी हो सकता है।
बीते दिनों जनपद के सभी स्कूलों में एलईडी टीवी और प्रोजेक्टर स्थापित करा कर स्मार्ट कक्षाएं तैयार कराई गई थीं। इसके बाद उम्मीद जगी थी कि अब ब्लैक बोर्ड और चाक का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा, लेकिन बजट के अभाव में परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र भी मुहैया नहीं कराए गए हैं। ब्लैक बोर्ड पर ही प्रश्न लिखे जाएंगे। बच्चे ब्लैक बोर्ड पर लिखे प्रश्न देखकर उत्तर पुस्तिका में उत्तर लिखेंगे। इसके अलावा अन्य स्टेशनरी की व्यवस्था भी शिक्षकों को अपने खर्च पर ही करनी होगी।
सबसे बड़ी परीक्षा के लिए बजट न होना दुर्भाग्यपूर्ण
यूपी जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के मंडल अध्यक्ष डॉ. विनोद शर्मा ने बताया कि जिले में यह सबसे बड़ी परीक्षा है। इस परीक्षा के लिए बजट न होना दुर्भाग्य पूर्ण है। शिक्षकों को परीक्षा तैयारी के लिए तमाम चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। यूटा के जिलाध्यक्ष भानू प्रताप सिंह ने कहा कि परीक्षा के लिए पहले ही बजट जारी हो जाना चाहिए था। क्योंकि यह पूर्व निर्धारित है।
परीक्षा को लेकर बीएसए की ओर से प्रधानाध्यापकों को जरूरी दिशा निर्देश दे दिए गए हैं। परीक्षा के लिए शासन से बजट जारी होने पर आवंटित कर दिया जाएगा---तौसीफ अहमद, बीईओ।
यह भी पढ़ें- बरेली: शराब के नशे में यात्री ने चंडीगढ़ एक्सप्रेस में किशोरी से की छेड़छाड़, रिपोर्ट दर्ज
