लखनऊ: सीएम योगी ने त्योहारों के मद्देनजर ली अहम बैठक, कहा- शांति, सुरक्षा और सौहार्द के साथ मनाएं पर्व

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आने वाले त्योहारों के मद्देनजर अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के जरूरी निर्देश दिये हैं, उन्होंने आला अधिकारियों को अयोध्या दीपोत्सव कार्यक्रम को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी है। 

मुख्यमंत्री ने रविवार रात अपने सरकारी आवास पर बुलाई एक अहम बैठक में साफतौर पर कहा कि अयोध्या दीपोत्सव की भव्यता निहारने बड़ी संख्या में श्रद्धालुजनों के साथ अनेक गणमान्य जनों की उपस्थिति होगी। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। भगदड़ की स्थिति न बने, गलती की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस साल 21 लाख दीपों से अवधपुरी जगमग होगी। इसके लिए दीप, तेल, बाती, स्थान, स्वयंसेवकों आदि की पुख्ता व्यवस्था कर ली जाए। चार देशों और 24 प्रदेशों की रामलीलाओं का मंचन होगा। ऐसे आयोजनों की भव्यता में कोई कमी न हो।

योगी ने कहा कि अयोध्या में जगह-जगह पर समारोह का सीधा प्रसारण किया जाना चाहिए, ताकि अधिकाधिक जन दीपोत्सव से जुड़ सकें। मुख्य समारोह संपन्न होने के बाद लोग आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें, इसके लिए समुचित प्लानिंग कर ली जाए। महिलाओं, बच्चों और विदेशी कलाकारों को सुरक्षित घर तक पहुंचाने की व्यवस्था हो। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जानी चाहिए। 

मुख्यमंत्री के मुताबिक, हर पर्व शांति और सौहार्द के बीच सम्पन्न हों, इसके लिए स्थानीय जरूरतों को देखते हुए सभी जरूरी प्रयास किए जाएं। शरारतपूर्ण बयान जारी करने वालों के साथ जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ कड़ाई से पेश आएं। माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के साथ पूरी कठोरता की जाए।

मुख्यमंत्री के साथ बैठक में प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, डीजीपी विजय कुमार, एसडीजी एलओ प्रशांत कुमार शामिल रहे। इसके अलावा प्रदेशभर के पुलिस कमीश्नर, आईजी, डीआईजी, डीएम, एसएसपी डिजीटली शामिल रहे।

यह भी पढ़ें: लखनऊ: ट्रैक्टर-ट्रॉली ढाबे में घुसे, समीप बैठा कबाड़ी हुआ घायल, लोगों ने चालक को धुना, पुलिस को सौंपा

संबंधित समाचार