काशीपुर: 196 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस के साथ दो गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। आईटीआई पुलिस ने ग्राम गुलड़िया में एक गन्ने के खेत से 196 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

एक सूचना के आधार पर गौ संरक्षण स्क्वायड ने ग्राम गुलड़िया स्थित गन्ने के खेत में दबिश दी। पुलिस ने मौके से ग्राम गुलड़िया निवासी मोहसिन व इरशाद उर्फ भूरा शाहपुरिया को धर दबोचा। दोनों खेत में प्रतिबंधित मांस के टुकड़े बना रहे थे। टीम को देख उनके साथी ग्राम फरीदनगर थाना ठाकुरद्वारा निवासी मंसूर, फिरोज, शावेज आलम उर्फ लुक्का, शाने आलम उर्फ गुंजा मौके से भाग गए।

पुलिस ने वहां से 196 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस और कुल्हाड़ी, छुरी, बाट तराजू आदि बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। टीम में पैगा चौकी इंचार्ज जितेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल दीवान नाथ, कांस्टेबल शैलेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार, संजय कुमार, राजकुमार, बलवंत सिंह शामिल रहे।