छत्तीसगढ़: नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में सुरक्षाबलों के चार जवान घायल
सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में मंगलवार को नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों के चार जवान घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के मिनपा थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों के चार जवान घायल हो गए हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षाबलों को गश्त के लिए रवाना किया गया था।
ये भी पढ़ें - बिहार: एक तिहाई परिवार प्रति माह छह हजार रुपये या उससे कम पर कर रहे हैं जीवन यापन
दल जब मिनपा थाना क्षेत्र में था तब नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के दो जवानों समेत चार जवान घायल हुए हैं। घायलों को हेलीकॉप्टर से बाहर निकाला जा रहा है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है। मिनपा, सुकमा जिले के कोंटा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत है। राज्य के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र के 12 जिलों समेत कुल 20 सीटों पर मतदान हो रहा है। कोंटा विधानसभा क्षेत्र उन 10 सीटों में है जहां सुबह सात बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक मतदान किया गया।
ये भी पढ़ें - प्रियंका गांधी ने साधा केंद्र पर निशाना, कहा- सरकार के पास हवाई जहाज और संसद भवन के लिए पैसा है लेकिन किसानों के लिए नहीं
