रायबरेली: वैन ने साइकिल को मारी टक्कर, महिला समेत दो की मौत
रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर हुआ हादसा
रायबरेली/अमृत विचार। मिल एरिया थाना क्षेत्र में रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर एक तेज रफ्तार वैन ने एक साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार समेत एक महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर हालत में दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
दोनों के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन को चालक समेत कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। महाराजगंज थाना क्षेत्र के भुआपुर कला निवासी दिनेश कुमार मिश्रा 55 पुत्र गोमती प्रसाद मिश्रा आज सुबह साइकिल से प्लाई फैक्ट्री में काम पर रायबरेली जा रहा था।
इस दौरान थाना क्षेत्र के कोड़रस बुजुर्ग गांव निवासी कुमारा (43) पत्नी स्वर्गीय राम सजीवन भी मिल एरिया स्थित प्लाई फैक्ट्री में काम पर जाने के लिए घर से पैदल निकली और रास्ते में वह दिनेश के साथ साइकिल पर सवार हो गई। सुबह तकरीबन 8:00 बजे रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर ग्राम खसपरी के पास पहुंचते ही रोड से गुजरी वैन संख्या अप 33 बीटी 8695 ने दिनेश की साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर हालत में दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दूसरी तरफ पुलिस ने दुर्घटना में शामिल फतेहपुर जनपद के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के जमुरांवा निवासी चालक अजय सिंह पुत्र भोला सिंह को वाहन समेत कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है । इस संबंध में इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह ने बताया परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कार्रवाई जारी है। मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम में भेजा गया है।
ये भी पढ़ें -हरदोई: मेडिकल कॉलेज में पकड़ा गया जेबकतरा, भीड़ ने की पिटाई
