बरेली: जमीन खरीदवाने के नाम पर ठगे 21 लाख रुपये

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। जमीन खरीदवाने के नाम पर जालसाजों ने दो लोगों से 21 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने प्रेमनगर थाने में जाकर शिकायत की लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद पीड़ित एडीजी अविनाश चंद्र से मिला। एडीजी ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं। प्रेमनगर स्थित मठ …

बरेली,अमृत विचार। जमीन खरीदवाने के नाम पर जालसाजों ने दो लोगों से 21 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने प्रेमनगर थाने में जाकर शिकायत की लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद पीड़ित एडीजी अविनाश चंद्र से मिला। एडीजी ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।

प्रेमनगर स्थित मठ चौकी क्षेत्र में रहने वाले सचिन मिश्रा ने बताया कि पीडब्ल्यूडी कालोनी में रहने वाले राममोहन शर्मा से उनकी जान पहचान थी। सचिन और उनका मित्र रामप्रसाद निवासी परधौली जमीन खरीदना चाहते थे। एक दिन राममोहन ने बताया कि उदयपुर खास में अनिल, सुनील व अर्जुन की जमीन है। ये तीनों लोग जमीन बेचना चाहते हैं।

सचिन के अनुसार राममोहन ने यह भी बताया कि तीनों लोगों ने उसे जमीन बेचने का अधिकार दे रखा है। इसलिए वह जमीन को बेच सकता है। चूंकि राममोहन को सचिन जानता था इसलिए उसकी बातों पर भरोसा कर लिया। जमीन का सौदा 4.10 करोड़ रुपये में तय हुआ।

सचिन के अनुसार उसने व रामप्रसाद ने राममोहन को जुलाई 2019 में चार किस्तों में 21 लाख रुपये दिए। कुछ दिनों बाद जब दोनों ने बैनामा कराने के लिए कहा तब राममोहन टाल मटोल करने लगा। छानबीन में पता चला कि जिस जमीन का दोनों लोगों ने बयाना दिया है उस जमीन का बैनामा किसी अन्य के नाम पर हो चुका है। इसके बाद सचिन राममोहन के पास पहुंचा और रकम वापस करने के लिए कहा। तब वह जान से मारने की धमकी देने लगा।

कई बार पंचायत हुई लेकिन आरोपियों ने रुपये वापस नहीं किए। तब उसने थाना प्रेमनगर में शिकायत की लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। सचिन व रामप्रसाद ने एडीजी अविनाश चंद्र को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एडीजी ने प्रेमनगर पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।

संबंधित समाचार