मुरादाबाद : बोर्ड बैठक में विकास कार्यों के प्रस्ताव की अनदेखी का आरोप लगाने वाले जिला पंचायत सदस्य सुस्त
4 नवंबर को बोर्ड बैठक में सदस्यों ने प्रस्ताव की अनदेखी करने का लगाया था आरोप
जिला पंचायत सदस्य रंजीत यादव ने अपने वार्ड में नाला निर्माण कराने की मांग कर दिया प्रस्ताव
मुरादाबाद,अमृत विचार। जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में विकास कार्यों के प्रस्ताव की अनदेखी और उपेक्षा का आरोप लगाने वाले जिला पंचायत सदस्य भी सुस्त हैं। पांच दिन में 39 में से चंद सदस्यों ने अपने वार्ड में विकास कार्यों का प्रस्ताव दिया है।
चार नवंबर को सर्किट हाउस सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष डा. शेफाली सिंह की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक हुई थी। जिसमें सदस्यों ने जिला पंचायत प्रशासन पर उनके द्वारा विकास कार्यों के दिए प्रस्ताव की उपेक्षा का आरोप लगाया था। कहा था कि हर बार प्रस्ताव देते हैं लेकिन कोई फायदा नहीं होता है। जनहित के कार्य भी नहीं कराए जा रहे हैं। जिस पर अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी नाराजगी जताई थी। साथ ही जिले के अधिकारियों को जिपं सदस्यों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने और उनके बताए कार्य पर गंभीरता दिखाने को कहा था।
गुरुवार को वार्ड 10 के जिला पंचायत सदस्य रंजीत यादव जिला पंचायत अध्यक्ष को संबोधित प्रस्ताव अपर मुख्य अधिकारी को दिया। जिसमें उन्होंने ग्राम खानपुर में आंबेडकर पार्क से शीशों वाले कुंडे तक, ग्राम भैंसिया में गंगाराम के घर से तालाब तक, ताजपुर में रईस की दुकान से उमर की दुकान तक व जकबेगमपुर, बरवाला मझरा, ग्राम गोट व बीजना में नाली निर्माण का प्रस्ताव दिया है। उन्होंने बताया कि नाला न होने से जलनिकासी की समस्या रहती है।
जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी डा. श्याम बहादुर शर्मा ने बताया कि छह जिला पंचायत सदस्यों का प्रस्ताव मिला है। अन्य जिसके भी प्रस्ताव जल्द मिल जाएंगे उन्हें सूचीबद्ध कर जिला पंचायत अध्यक्ष के सामने प्रस्तुत करेंगे। बजट के अनुसार काम कराया जाएगा। सदस्यों को समय से अपने वार्ड में विकास कार्यों का प्रस्ताव दे देना चाहिए, जिससे उस पर आगे कदम बढ़ाया जा सके। सभी सदस्यों के क्षेत्र में विकास कार्य प्राथमिकता है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: जम्मू से मजदूरों को लेकर रायबरेली जा रही बस पलटी, बाल-बाल बचे श्रमिक
