ठाणे में तीन मंजिला इमारत गिरने से 11 लोगों की मौत, पांच लाख रुपये मुआवजे की घोषणा
ठाणे। महाराष्ट्र के भिवंडी में सोमवार तड़के एक बहु-मंजिला इमारत ढहने की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई। इस बीच ठाणे जिले के प्रभारी मंत्री एकनाथ शिंदे हादसे के कुछ घंटों के भीतर ही घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मलबे के नीचे फंसे 13 लोगों को बचा लिया जाने की पुष्टि की और …
ठाणे। महाराष्ट्र के भिवंडी में सोमवार तड़के एक बहु-मंजिला इमारत ढहने की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई। इस बीच ठाणे जिले के प्रभारी मंत्री एकनाथ शिंदे हादसे के कुछ घंटों के भीतर ही घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मलबे के नीचे फंसे 13 लोगों को बचा लिया जाने की पुष्टि की और उनमें से कुछ को अस्पताल भेजे जाने की जानकारी दी।
शिंदे ने मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा करते हुए कहा कि घटना की विस्तृत जांच की जायेगी। उन्होंने एनडीआरएफ के चल रहे बचाव कार्यों की निगरानी करते हुए बताया कि भिवंडी के पावरलूम शहर में कुल 102 खतरनाक इमारतों को पहले ही खाली कर दिया गया है।
भिवंडी पुलिस उपायुक्त राजकुमार शिंदे ने बताया कि नागरिक अधिकारियों की शिकायत के आधार पर भवन के मालिक सैय्यद अहमद जिलानी के खिलाफ भादंवि की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। भिवंडी निजामपुर नगर निगम के प्रमुख पंकज आशिया ने बताया कि क्षतिग्रस्त बिल्डिंग को मरम्मत की जरूरत थी, लेकिन कोविड-19 संकट के कारण काम नहीं किया जा सका।
मोदी ने महाराष्ट्र में इमारत ढहने की घटना में मृतकों के प्रति संवेदना जताई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के भिंवडी में सोमवार सुबह एक इमारत के ढहने से मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। मोदी ने इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, “ महाराष्ट्र के भिवंडी में इमारत ढहने की जानकारी मिलने से पीड़ा हुई। हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। राहत कार्य जारी है और प्रभावितों को हर संभव सभी मदद पहुंचाई जा रही है।”
भिवंडी इमारत दुर्घटना में मारे गए लोगों के प्रति कोविंद ने जताया शोक
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने महाराष्ट्र के भिवंडी में एक इमारत दुर्घटना में लोगों के मारे जाने पर गहरा शोक जताया है। कोविंद ने आज ट्वीट करके कहा, “ महाराष्ट्र के भिवंडी में इमारत गिरने से हुई जान की क्षति की खबर दुखदायी है। इस दुख की घड़ी में दुर्घटना में हताहत हुए लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।” उन्होंने आगे लिखा, “ मैं घायलों के यथाशीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय अधिकारी बचाव और राहत कार्य को समन्वित कर रहे हैं।”
