संभल: ई-रिक्शा पार्टस के गोदाम में कूमल लगा कर पांच लाख की चोरी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बनियाठेर के गांव गुमथल के बाहर ई-रिक्शा के शोरूम के पीछे गोदाम में हुई चोरी, दीवार फांद कर घुसे चोर, मेनगेट का कुंडा अंदर से बंद कर गए, पुलिस ने मौके पर पहुंच कर की छानबीन

संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव गुमथल में चोरों ने ई-रिक्शा शो-रूम के गोदाम में कूमल लगाकर 40 बैटरे समेत पांच लाख का माल चोरी कर लिया और रफूचक्कर हो गए। घटना की सूचना मिलने पर सीओ व थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंच घटना की जानकारी की। इसको फॉरेंसिक टीम ने पहुंच मौके से फिंगर प्रिंट्स लिए हैं। चोर दीवार के सहारे तख्त लगाकर बैटरा खेतों के रास्ते ले गए। घटना की तहरीर थाने में दी गई है। 

कोतवाली क्षेत्र के विकास नगर निवासी दिनेश चंद्र शर्मा पुत्र नत्थू लाल शर्मा का बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव गुमथल में ई-रिक्शा का शो-रूम व गोदाम है। शुक्रवार की रात साढ़े आठ बजे शो-रूम पर कर्मचारी टेंपो से कुछ बैटरे लेकर आया था। बैटरे गोदाम में रखवाने के बाद दिनेश चंद्र शर्मा रात 9.45 बजे बाइक से अपने घर चले गए। शनिवार की सुबह 9.30 बजे शोरूम व गोदाम पर पहुंचे तो मेनगेट पर ताला लगा था। ताला खोल कर गेट खोलने का प्रयास किया लेकिन गेट अंदर से बंद था। इसके बाद एक व्यक्ति को पीछे से अंदर भेजा और गेट खुलवाया।

अंदर देखा तो गोदाम में कूमल लगा था। यह देख दिनेश चंद्र के होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो चोर ई-रिक्शा के 40 बैटरे, पार्टस व टायर चोरी कर ले गए। चोरी की जानकारी होने पर शो-रूम स्वामी ने घटना की सूचना बनियाठेर पुलिस को दी। कुछ देर बाद प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी की। इसके बाद सूचना मिलने पर फॉरेसिंक टीम भी पहुंच गई। टीम ने घटनास्थल से फिंगर फिट्स उठाए। इसके बाद दोपहर सीओ डॉ. प्रदीप कुमार ने मौके पर पहुंच घटना की जानकारी की। गोदाम स्वामी ने बताया कि चोर गोदाम से पांच लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। घटना की तहरीर थाने में दी गई है। 

घटनास्थल से पूरी तरह वाकिफ थे चोर 
चन्दौसी, अमृत विचार: बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव गुमथल में मुख्य मार्ग पर दिनेश चंद्र शर्मा का ई-रिक्शा का शो-रूम व गोदाम है। जिस स्थान पर गोदाम है, वह स्थान खुला है। भवन में शो-रूम के पीछे खुला स्थान है। एक हिस्से में आठ फुट की दीवार है। पुराने भवन में गोदाम बना रखा है। घटना की रात चोर आठ फुट की दीवार फांद कर अंदर घुस आए और मैन गेट का कुंडा अंदर से लगा लिया। इसके बाद गोदाम में आराम से कूमल लगाया। वहीं पास ही रखा तख्त को आठ फुट वाली दीवार के पास लेकर पहुंचे और तख्त के इस्तेमाल कर बैटरी दीवार के दूसरे ओर खड़े अपने साथियों को देने लगे। जिससे एक-एक करके 40 बैटरे चोरी करके ले गए। दीवार के दूसरी ओर खेत हैं। जबकि चोरों की गोदाम व आसपास की स्थिति की जानकारी होने की बात कही जा रही है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : एंबुलेंस में ईएमटी ने गर्भवती का कराया सुरक्षित प्रसव

संबंधित समाचार