बरेली: किसी भी हाल में घर पहुंचने का जुनून, ट्रेनों के एसी कोच तक साधारण यात्रियों से ठसाठस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भूसे की तरह लोगों के भर जाने से टायलेट जाने तक को तरसे एसी ट्रेनों में सफर करने वाले लोग

बरेली, अमृत विचार। दिवाली पर घर पहुंचने के जुनून ने शनिवार को ट्रेनों में भीड़भाड़ के रिकॉर्ड तोड़ दिए। लेकर घर पहुंचने के लिए निकले यात्री जब अपनी ट्रेनों में सवार नहीं हो पाए तो गरीबरथ, न्यू जलपाई गुड़ी, गुरमुखी सुपरफास्ट जैसी ट्रेनों के एसी कोच में घुस गए। इन ट्रेनों के एसी कोच ऐसे ठसाठस हुए कि सीट रिजर्व कराकर पहले से यात्रा कर रहे यात्री पनाह मांग गए। रेल प्रशासन से शिकायतें करने का भी कोई नतीजा नहीं निकला। भीषण भीड़ की वजह से न आरपीएफ कुछ कर पाई न जीआरपी।

यह भी पढ़ें- बरेली: जंक्शन पर बुजुर्ग महिला यात्री की मौत, हृदय रोग से थी पीड़ित

बरेली जंक्शन पर ट्रेन पकड़ने पहुंचे मंजीत नाम के एक यात्री ने एक्स पर रेल प्रशासन से शिकायत की कि एसी ट्रेन 12204 में साधारण यात्रियों की भीड़ ने रास्ता तक ब्लॉक कर दिया है। पैर रखने की जगह नहीं है। दीपक कुमार नाम के यात्री ने शिकायत कि कि 19601 न्यू जलपाईगुड़ी साप्ताहिक ट्रेन के ए-2 कोच में तमाम लोग बिना टिकट चढ़ गए हैं।

टॉयलेट जाने तक का रास्ता ब्लॉक कर दिया है। टीटीई ने भी इन लोगों को ट्रेन से उतारने में हाथ खड़े कर दिए हैं। अभिनव चौहान ने 12204 गरीबरथ एक्सप्रेस के कोच संख्या जे-1 में बिना टिकट लोगों की भरमार की शिकायत की। उन्होंने बताया कि शौचालय तक भरा हुआहै, रिजर्वेशन कराने वाले यात्रियों को भारी दिक्कत झेलनी पड़ रही है।

विवेक कुमार ने रेल प्रशासन से फरियाद की कि 15654 गुवाहटी अमरनाथ एक्सप्रेस में बहुत भीड़ है। ट्रेन में सारे अनारक्षित यात्री भरे पड़े हैं। कुल मिलाकर सैकड़ों शिकायतें रेल प्रशासन से की गईं लेकिन रेलवे अधिकारी भीड़ को काबू करने में असहाय नजर आये।

एनाउंसमेंट सिस्टम ठप, कई यात्रियों की ट्रेन छूटी
बरेली, अमृत विचार : रेल यात्रियों को उस वक्त दिक्कत का सामना करना पड़ा जब जंक्शन पर एनाउंसमेंट सिस्टम ठप हो गया। तमाम यात्रियों को ट्रेनों के आने-जाने का पता ही नहीं चला। कई यात्रियों की ट्रेन तक छूट गई। रेल अधिकारियों से शिकायत पर करीब एक घंटे बाद सिस्टम ठीक हो पाया।

शुक्रवार रात करीब 12:30 बजे स्टेशन के चारों प्लेटफार्म पर एनाउंसमेट सिस्टम ने काम करना बंद कर दिया। इसके बाद काशी विश्वनाथ, श्रमजीवी एक्सप्रेस, पद्मावत एक्सप्रेस जैसी कई ट्रेनें गुजरीं लेकिन यात्रियों को उनके प्लेटफार्म पर पहुंचने या छूटने का पता ही नहीं चला। सूरज नाम के एक यात्री ने एक्स पर रेल प्रशासन से इसकी शिकायत की। डीआरएम मुरादाबाद के हैंडल से जवाब दिया गया कि तकनीकी खराबी एनाउंसमेंट सिस्टम काम नहीं कर रहा था।

त्योहार पर घर पहुंचना मुश्किल, ट्रेनों ने खूब कराया इंतजार
त्योहार पर यात्रियों का घर पहुंचना मुश्किल हो गया। खास तौर से रेल प्रशान द्वारा दिवाली के मौके पर चलाई गई स्पेशल ट्रेनों का हाल बुला रहा। अप व डाउन की एक दर्जन त्योहार स्पेशल ट्रेनें घंटों लेट चल रहीं थीं इनमें बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों को जाने वाली स्पेशल ट्रेनें शामिल थीं। वहीं नियमित ट्रेनों में भी कई ट्रेनें शनिवार को घंटों की देरी से पहुंची। ट्रेनें लेट होने की शिकायत यात्री एक्स पर करते रहे।

ट्रेन संख्या 04645 बरौनी-जम्मूतवी एक्सप्रेस 10 घंटा की देरी से बरेली जंक्शन पहुंची। 04015 बनमंखी-नई दिल्ली त्योहार स्पेशल ट्रेन 18 घंटा लेट चल रही थी। ट्रेन के रविवार सुबह 8:30 बजे आने की संभावना जताई जा रही थी।

04527 सहरसा अंबाला कैंट त्योहार स्पेशल 14 घंटा 52 मिनट की देरी से चल रही थी। इस ट्रेन के रविवार सुबह छह बजे आने की संभावना जताई जा रही थी। 04005 जयनगर दिल्ली स्पेशल ट्रेन 12 घंटा 50 मिनट की देरी से चल रही थी। रविवार सुबह 10 बजे ट्रेन के बरेली जंक्शन पहुंचने की संभावना थी। ट्रेन संख्या 04526 सहरसा फेस्टिवल स्पेशल को सरहिंद स्टेशन से ही 9 घंटा 50 मिन रिशेड्यूल कर दिया गया था। ऐसे में इस देर ट्रेन के रविवार देर रात बरेली जंक्शन आने की संभावना थी। इसके अलावा 05006 अमृतसर-गोरखपुर साप्ताहिक स्पेशल चार घंटे से ज्यादा लेट चल रही थी।

यह भी पढ़ें- पहले पूर्वोत्तर राज्यों में लागू हो यूसीसी: शहाबुद्दीन रजवी

संबंधित समाचार