हरदोई: टूटा हाईटेंशन लाइन का तार, 16 घंटे गुल रही शहर की बिजली
मन्नापुरवा,साण्डी रोड और गुरगुज्जा फीडर रहा ठप, जेई और ऐई ही नहीं जवाबदेही से बचते दिखे एक्सईएन
हरदोई। लापरवाही के चलते हाइटेंशन लाइन का एक तार क्या टूटा, आधे शहर के ऊपर आफत टूट पड़ी। एक-दो घंटे नहीं बल्कि 16 घंटे तक आधे शहर में ब्लैक आउट रहा। ताज्जुब तो तब हुआ जब इस मामले में जेई और ऐई ही नहीं एक्सईएन तक अपनी जवाबदेही से साफ बच कर निकल गए। जबकि मुख्यमंत्री ने दो टूक लहजे में कह दिया था कि दीपावली पर कहीं भी बिजली की कोई किल्लत नहीं होनी चाहिए लेकिन फिर भी जो नहीं होना चाहिए था वही हुआ।
इस बार बिजली महकमां दीपावली पर बिल्कुल ही बे-खबर रहा।बिजली गुल होने की आहट धनतेरस वाले दिन ही हो गई थी। मामूली फाल्ट के चलते लक्ष्मीपुरवा, रामनगरिया,विभूति नगर कृष्ण नगरिया जैसे इलाकों के लोगों ने अंधेरे में ही धनतेरस मनाई,नरक चतुर्थी वाले दिन तो हद ही हो गई। हाइटेंशन लाइन का तार टूटने से तकरीबन आधे शहर में 16 घंटे तक ब्लैक आउट रहा।
बिजली कब तक आएगी ? इस बारे में जानने के लिए सिर्फ आम ही नहीं बल्कि खास लोग फोन करते रहे लेकिन जेई और ऐई ही नहीं बल्कि एक्सईएन तक कोई सही जवाब नहीं दे सके। एक्सईएन ने तो यहां तक कह दिया कि इतने लोगों को कहां तक जवाब दिया जाए। ऐसा कह कर वे अपनी जवाबदेही से साफ बचते हुए दिखाई दिए। दीपावली को ले कर मुख्यमंत्री क्या कहा और उस पर कहां तक अमल किया गया ?
इसका जवाब आधे शहर में 16 घंटे का ब्लैक आउट रहना ही काफी है। शहर के लक्ष्मीपुरवा, रामनगरिया, विभूति नगर आलू थोक, ऊंचा थोक, चौहान थोक,गंगाबक्श पुरवा बख्तावर पुरवा कन्हई पुरवा,भामा शाह नगर, प्रेमनगर,सराय थोक पूर्वी,सराय थोक पश्चिमी व मोमिनाबाद जैसे तमाम मोहल्लो में लम्बा इंतज़ार करते-करते तकरीबन 16 घंटे बाद अगले दिन बिजली का दीदार हुआ।
बिन बिजली सब सून
कहते हैं कि बिन पानी सब सून, लेकिन शनिवार को बिन बिजली सब सून रहा। बिजली न आने से लोगों को पानी की किल्लत से रू-ब-रू होना पड़ा। घरो और दुकानों के इन्वर्टर भी बोल गए। मोबाइल स्विच ऑफ हो गए। जिससे लोग ऑन लाइन शापिंग करने की तमन्ना लिए बैठे रहे। कुछ लोगों को दीपावली पर वादे के मुताबिक ऑन लाइन पैसा ट्रांसफर करना था,वह भी नहीं हो सका।कुल मिलाकर बिजली न आने से बहुत सारे काम आधे-अधूरे रह गए।
यह भी पढ़ें:-'दिव्यता के बीच दरिद्रता'..., अखिलेश यादव ने अयोध्या दीपोत्सव का Video शेयर कर सरकार पर कसा तंज
