संभल : नलकूप की पानी भरी हौद में उतराता मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल, अमृत विचार। असमोली थाना में खेत पर नलकूप की पानी भरी हौद में युवक का शव अर्ध नग्नावस्था में उतराता मिला। जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों ने युवक की हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को हौद से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एएसपी ने घटनास्थल का जायजा लिया। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस जांच में जुटी है। 

थाना क्षेत्र के गांव टांडा कोठी निवासी रघुवीर सिंह पीआरडी जवान है। रघुवीर सिंह के बेटे अनिल कुमार (21 वर्ष) ने रविवार को दिन में मिट्टी भराव की ट्राली पर काम किया। देर शाम करीब सात बजे अनिल कुमार दीपावली मना कर घर से निकला और कुछ देर बाद मोबाइल स्विच आफ हो गया। परिजनों ने अनिल कुमार को रातभर तलाश किया लेकिन पता नहीं चल सका। सोमवार को सुबह रघुवीर सिंह बेटे अनिल कुमार की गुमशुदगी दर्ज कराने थाने जा रहा था।

इस बीच कुछ ग्रामीण शौच करने के लिए खेतों की तरफ निकले तो गांव से कुछ दूरी पर मास्टर सुलेंद्र सिंह के खेत पर बने नलकूप की पानी भरी हौद में अर्ध नग्नावस्था में एक युवक का शव उतराने की सूचना मिली। रघुवीर सिंह परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा तो शव को देखकर बिलखने लगा। अनिल कुमार का शव हौद में उतराता मिलने की सूचना पर अन्य परिजन और ग्रामीण भी पहुंच गए। हौद के बाहर अनिल कुमार की चप्पलें भी पड़ी थीं। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने अनिल कुमार का शव हौद से बाहर निकाला। अनिल कुमार की पेंट की जेब से एक पानी की बोतल, मोबाइल और पर्स बरामद हुआ।

एएसपी श्रीश चंद्र, सीओ असमोली संतोष कुमार ने घटनास्थला का जायजा लिया। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अनिल कुमार का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने अनिल कुमार की हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।

ये भी पढ़ें : संभल: ई-रिक्शा पार्टस के गोदाम में कूमल लगा कर पांच लाख की चोरी 

संबंधित समाचार