अमरोहा: धूमधाम से मनाया दिवाली पर्व, चारों ओर छाई रोशनी...एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर दी बधाई

अमरोहा: धूमधाम से मनाया दिवाली पर्व, चारों ओर छाई रोशनी...एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर दी बधाई

अमरोहा, अमृत विचार। जनपद में दिवाली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने दिनभर एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर दिवाली की बधाई दी। रात को लक्ष्मी-गणेश की पूजा-अर्चना कर जमकर आतिशबाजी की।

रोशनी का पर्व दिवाली रविवार को पूरे जिले में धूमधाम से मनाया गया। पूरा दिन लोगों ने आतिशबाजी व मिठाइयों की जमकर खरीदारी की। सभी ने एक-दूसरे को  उपहार दिए। इसके बाद लोगों ने मिठाइयों का आदान-प्रदान कर एक-दूसरे को दिवाली की बधाई दी। बधाई देने का सिलसिला रात तक चलता रहा। रात में घरों में माता लक्ष्मी का पूजन किया गया। पूरा शहर रोशनी से जगमगा उठा। इसके बाद बड़े व बच्चों ने आतिशबाजी जलाकर खुशियां मनाई। आतिशबाजी का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। दूसरी ओर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस भी अलर्ट रही।

मनाया दीपों का पर्व, मां लक्ष्मी से मांगी खुशहाली
मंडी धनौरा। दिवाली पूरे नगर व क्षेत्र में धूमधाम से मनाई गई। दिवाली पर दिनभर धार्मिक अनुष्ठान व पूजा-पाठ चलते रहे। शाम को नगर व क्षेत्र रोशनी में नहाया हुआ नजर आया। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई व उपहार देकर दिवाली की शुभकामनाएं दीं। शाम के समय मंदिरों में लोगों ने भगवान के सामने दीये जलाकर मन्नत मांगीं। लोगों ने घरों में लक्ष्मी पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

सुबह से ही लोगों ने घरों को सजाना शुरू कर दिया। शाम को सूरज ढलते ही लाइट व मिट्टी के दीयों से घर प्रकाशमय हो उठे। मंदिरों में दीप जलाने के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। घर में पूजा-अर्चना के बाद भगवान के आगे दीये जलाकर मन्नत मांगीं। घरों से दूर रहने वाले लोग भी दिवाली पर घर लौटे और परिवार के साथ त्योहार मनाया। लोगों ने पूजा-अर्चना, दीयों व लाइटों से जगमग घरों की फोटो भी एक-दूसरे के साथ शेयर किए। सोशल साइट भी त्योहार पर मस्ती करते युवाओं की फोटो की धूम रही।

आतिशबाजी से जगमगाया आसमान
हसनपुर। क्षेत्र में दिवाली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने घरों व दुकानों में गणेश-लक्ष्मी का पूजन करने के बाद एक-दूसरे को बधाइयां दीं। पूजा संपन्न होने के बाद जमकर आतिशबाजी का आनंद लिया। इस दौरान आतिशबाजी की रोशनी से आकाश जगमगा उठा।

क्षेत्र में दिवाली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। दीपों के इस त्योहार पर युवाओं एवं बच्चों ने जमकर आतिशबाजी की। घरों में महिलाओं ने दीप जलाकर पर्व मनाया। पूरा नगर रोशनी से नहाया हुआ था। नगर वासियों ने मोमबत्ती, दिये एवं बिजली की झालरों से घरों को दुल्हन की तरफ सजाया था। रात में घरों एवं दुकानों पर मां लक्ष्मी व श्री गणेश का पूजन कर पर्व मनाया। देर रात तक युवाओं एवं बच्चों ने आतिशबाजी की। सुबह से ही दुकानों पर मिठाइयों की जमकर खरीदारी की गई। बाजारों में दिवाली के मद्देनजर बाजारों में भारी भीड़ देखी गई। पुलिस भी पर्व को लेकर सतर्क नजर आई। सुरक्षा को लेकर पुलिस ने चाक चौबंद व्यवस्था की थी। प्रमुख बाजारों में पुलिसकर्मी तैनात रहे।

धूमधाम से मनाया दिवाली का पर्व
मुबारिजपुर। ब्लाक गंगेश्वरी क्षेत्र में दिवाली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर पारंपरिक ढंग से दिवाली मनाई गई। गंगेश्वरी सहित क्षेत्र के दढ़ियाल, आदमपुर, रहरा, मुबारिजपुर, बुरावली, रहरई, ढबारसी, पौरारा, चन्दनपुर, छपना आदि में दिवाली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। लोगो ने जमकर आतिशबाजी की। मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।

दिवाली पर जमकर हुई आतिशबाजी
बुरावली। न्याय पंचायत बुरावली क्षेत्र में खुशियों का त्योहार दिवाली धूमधाम से मनाया गया। बच्चों व युवाओं ने जमकर आतिशबाजी की। घरों में दीप जलाकर पर्व मनाया। शाम के समय महिलाओं ने विधि-विधान से मां लक्ष्मी व श्री गणेश की पूजा करके ईश्वर से सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से ही दुकानों पर मिठाइयों की जमकर खरीदारी की गई। लोगों ने दीप जलाकर घरों को रोशनी से भर दिया। लोगों ने आतिशबाजी का खूब आनंद लिया। बच्चों, महिलाओं व पुरुषों ने खूब पटाखे जलाए। लोगों ने परिवार के साथ मिलकर खूब मस्ती की और त्योहार का आनंद उठाया।

रोशनी से जगमग हुआ कोना-कोना
गजरौला। दिवाली पर्व नगर व ग्रामीण इलाकों में हर्षोल्लास से मनाया गया। दीयों, बिजली की झालरों और मोमबत्ती की रोशनी से कोना-कोना जगमगत हो गया। लक्ष्मी-गणेश की पूजन कर बच्चों ने बड़ों से आशीर्वाद लिया। युवाओं एवं बच्चों ने आतिशबाजी भी की।

दिवाली पर घरों से लेकर गली-गलियारे और मंदिर तक सब कुछ रोशनी से जगमग दिखे। बड़ी संख्या में घी व तेल के दीपक जलाएं गए। मोमबत्ती व झालरों से रोशनी भी की। मां लक्ष्मी, भगवान गणेश और कुबेर का विधि-विधान से पूजन किया। खील-बताशे, खिलौने और मिठाई के साथ घर में बने पकवानों से भोग लगाया। आरती व पूजन के बाद बच्चों एवं महिलाओं ने दीपक व मोमबत्ती से घर-आंगन के हर कोने को रोशन कर दिया। इसके बाद बच्चों और युवाओं ने आतिशबाजी का आनंद लिया। देर रात तक आतिशबाजी की गई। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन अलर्ट रहा।

ये भी पढ़ें:- अमरोहा: ब्लाक प्रमुख के सालों पर जानलेवा हमला, फायरिंग होने की सूचना से पुलिस में हड़कंप