बरेली: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी बोले, छिपे नहीं हैं कांग्रेस के घोटाले

Amrit Vichar Network
Published By Ashpreet
On

बरेली, अमृत विचार। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि आने वाले समय में अयोध्या दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक पर्यटन क्षेत्र बनने जा रहा है, इससे प्रदेश का विकास होगा और लोगों के लिए रोजगार के रास्ते भी खुलेंगे।

वह मंगलवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनवरी में अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी। बरसों का सपना लोगों का सच हो रहा है। यह देश और प्रदेश के लोगों के लिए गर्व के क्षण होंगे।

उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी जमकर निशाना साधा। कहा कि, 2004 से 2014 तक प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में कांग्रेस की गठबंधन की सरकार रही। इस दरम्यान कांग्रेस के कई स्कैम घोटाले सामने आए।

2014 के बाद मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा की सरकार को 10 साल पूरे हो रहे हैं। भाजपा भ्रष्टाचार मुक्त सरकार चला रही है। राहुल गांधी के बयानों को लेकर बोले कि वह अपने अनुभव के आधार पर बोलते रहते हैं, लेकिन वे भूले हैं कि कांग्रेस की सरकार में भ्रष्टाचार के मामलों में जेल तक जाना पड़ा है।

भाजपा के साथ 140 करोड़ की जनता की भावनाएं, सरकार के कामकाज जुड़े हैं। इसका आगामी चुनाव में पार्टी को फायदा होगा। भाजपा सभी सीटों पर जीत दर्ज कराएगी। चुनाव को लेकर पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता रिपोर्ट कार्ड को लेकर जनता के बीच में जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह के पिता की दिवाली से पूर्व हुए निधन को लेकर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे। उनके आवास से सर्किट हाउस पहुंचे। इसके बाद आरएसएस के ब्रज प्रांत के पूर्व संघ चालक रहे डॉ. एपी सिंह के निधन को लेकर उनके आवास पहुंचकर शोक संवेदना जताई।

सांसद संतोष गंगवार, मेयर डॉ. उमेश गौतम, विधायक संजीव अग्रवाल, श्याम बिहारी लाल, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, डाॅ. आस्था अग्रवाल, बरेली जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार