बरेली: शहर में दो सीनियर सिटीजन सेंटर बनाएगा नगर निगम
बरेली, अमृत विचार। शहर में बुजुर्गों के लिए आश्रय स्थल तो हैं लेकिन ऐसी कोई जगह नहीं है जहां वे अपना मनोरंजन करने के लिए इकट्ठे हो सकें और आपस में सुखदुख बांट सकें। बुजुर्गों की इस समस्या को हल करने के लिए नगर निगम ने शहर में दो सीनियर सिटीजन सेंटर बनाने की योजना बनाई है। एक सेंटर के लिए सुरेश शर्मा नगर में जगह मिल गई है, दूसरे सेंटर के लिए जगह की तलाश जारी है।
नगर निगम की ओर से ये सेंटर उन बुजुर्गों के लिए स्थापित करने की योजना है जिनके बच्चे उनके साथ नहीं रह रहे हैं और इस वजह से उन्हें एकाकी जीवन जीना पड़ रहा है। नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स का कहना है कि शहर में कई घर ऐसे हैं जहां बच्चों के काम पर चले जाने के बाद या दूसरे शहर और विदेश में रहने की वजह से बुजुर्गों को अकेला रहना पड़ता है।
जिन बच्चों के भविष्य के लिए वे जीवन खपाते हैं, उनके पास अपनी व्यस्त जिंदगी से कुछ समय भी उन्हें देने के लिए नहीं रहता। घर में टीवी या मोबाइल फोन जैसे कुछ साधन ही समय काटने के लिए होते हैं लेकिन ये भी उनका एकांत दूर नहीं कर पाते। नगर आयुक्त ने बताया कि कुछ बुजुर्गों से बातचीत के बाद उन्हें उनकी इस समस्या का एहसास हुआ, तभी स्मार्ट सिटी में उनके लिए भी दो सेंटर बनाने का ख्याल दिमाग में आया।
उन्होंने इसके लिए प्रस्ताव बनवाया है। एक सेंटर के लिए सुरेश शर्मा नगर में जगह भी मिल गई है। दूसरे सेंटर के लिए सिविल लाइंस में जगह तलाश की जा रही है।
हरियाली से भरा होगा सीनियर सिटीजन सेंटर
सीनियर सिटीजन सेंटर में बुजुर्गों के बैठने के लिए एक हॉल होगा जिसमें मेज-कुर्सी के साथ हरियाली का भी प्रबंध होगा। उनके लिए खुले में बैठने का भी इंतजाम किया जाएगा। हॉल में अखबार और मैगजीन भी उपलब्ध होंगी ताकि वे कुछ पढ़कर समय व्यतीत करना चाहें तो कर सकें। खानपान के लिए भी एक स्टॉल होगा। इसके अलावा 15 दिन में एक बार उनके मेडिकल चेकअप की भी व्यवस्था की जाएगी।
ये भी पढे़ं- बरेली: चौबारी मेले को लेकर घाट पर तैयारियां शुरू, झूले और सर्कस के साथ लगने लगीं दुकानें
