बरेली कॉलेज की प्रवेश प्रक्रिया की जांच की मांग
बरेली,अमृत विचार। बरेली कॉलेज की स्नातक प्रथम वर्ष (बीए, बीएससी, बीकॉम) की प्रवेश प्रक्रिया में धांधली किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रगतिशील समाजवादी छात्र सभा ने सोमवार को कुलपति को ज्ञापन दिया। छात्र सभा के पदाधिकारियों ने बरेली कॉलेज की प्रवेश प्रक्रिया की जांच कराए जाने की मांग की है। कुलपति प्रोफेसर केपी सिंह …
बरेली,अमृत विचार। बरेली कॉलेज की स्नातक प्रथम वर्ष (बीए, बीएससी, बीकॉम) की प्रवेश प्रक्रिया में धांधली किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रगतिशील समाजवादी छात्र सभा ने सोमवार को कुलपति को ज्ञापन दिया। छात्र सभा के पदाधिकारियों ने बरेली कॉलेज की प्रवेश प्रक्रिया की जांच कराए जाने की मांग की है। कुलपति प्रोफेसर केपी सिंह ने छात्र सभा के पदाधिकारियों को मामले की जांच कराने के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
प्रगतिशील समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष राशिद मेवाती के नेतृत्व में पहुंचे छात्र रुविवि के प्रशासनिक कार्यालय के गेट पर धरना देकर बैठ गए। इसकी सूचना पर पहुंचे चीफ प्रॉक्टर प्रोफेसर ब्रजेश त्रिपाठी ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो उनसे बहस हो गई। मामला बढ़ता देखकर तय हुआ कि पांच लोगों का शिष्टमंडल कुलपति से मिलकर ज्ञापन दे सकता है।
इसके बाद छात्र सभा ने कुलपति को ज्ञापन देकर बताया कि 28 अगस्त के बाद बीएससी नर्सिंग में रजिस्ट्रेशन कराने वाले करीब 200 चहेते छात्र-छात्राओं को बरेली कॉलेज में प्रवेश दिया गया है। इससे पिछड़े और अति पिछड़े वर्ग के छात्र-छात्राओं का हक मारा गया। छात्रों ने इसकी जांच कराकर कार्रवाई किए जाने की मांग की। इसके साथ ही स्ववित्त पोषित महाविद्यालयों की ओर से छात्र-छात्राओं की मर्जी के बिना सीटें लॉक करने की भी शिकायत की। कुलपति ने छात्र सभा की समस्याओं को निस्तारित करने का आश्वासन दिया। इस दौरान धरना देने वालों में संजय मेवाती, साजिद रजा खां, आबिद हुसैन, अमीर रजा खां, रुद्र प्रताप, विराट, शिवम चौधरी, सैफ आदि मौजूद रहे।
बीएसएसी नर्सिंग की सीटें नहीं भर सकीं
बरेली कॉलेज में स्नातक प्रथम वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया के दौरान बीए की 1840, बीकॉम की 1040 और बीएससी (गणित वर्ग) की 800 सीटें भर गईं। वहीं, बीएससी नर्सिंग की कुछ सीटें अब भी खाली हैं।
