टेबलेट से हाजिरी नहीं स्वीकार, आदेश वापस ले सरकार - शिक्षक संघ ने दर्ज कराई आपत्ति
अयोध्या, अमृत विचार। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने टैबलेट से हाजिरी समेत अन्य आदेशों को लेकर आपत्ति दर्ज कराई है। संघ का कहना है कि बिना लम्बित मांगों के निराकरण हुए अव्यवहारिक आदेश न दिए जाएं। इसे लेकर शिक्षकों से रायशुमारी शुरू की गई है।
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष नीलमणि त्रिपाठी ने शनिवार को कहा कि हमारी समस्याओं की तरफ विभाग ध्यान न देकर अपने ही आदेश थोपे जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे ऐसे आदेश जारी किए जा रहे हैं जो कतई व्यवहारिक नहीं है और दूसरे विभागों में नहीं लागू है। उन्होंने कहा कि पहले समस्याओं का निराकरण किया जाए और सीयूजी नंबर देते हुए अन्य प्रक्रिया पूरी की जाए। शिक्षकों को शोषण का शिकार न बनाया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षक संघ इस प्रकरण पर पहले शिक्षकों की राय लेते हुए अगला निर्णय लेगा।
जिलामंत्री डॉ चक्रवर्ती सिंह ने कहा कि विभाग द्वारा टेबलेट के माध्यम से हाजिरी लेना पूर्णतया अव्यवहारिक है।विभाग शिक्षकों से सारे ऑनलाइन कार्य ले रहा है, जबकि उसका कोई भी पोर्टल सुचारू रूप से कार्य नही करता, जिससे समय से सूचनाएं उपलोड नही हो पाती हैं। पदोन्नति, स्थानांतरण, राज्य कर्मचारियों की भांति उपार्जित अवकाश, द्वितीय शनिवार अवकाश, पदोन्नति पर 17140 का वेतनमान सहित 21 सूत्रीय मांगे विभागीय अधिकारियों की उदासीनता से लंबित हैं। उन्होंने कहा है कि पहले हमारी मांगे पूरी हो,साथ ही सीयूजी सिम भी दिए जाएं तभी टेबलेट की उपस्थिति स्वीकार की जाएगी। अन्यथा की स्थिति में अध्यापको का जनमत संग्रह कराते हुए आंदोलन की रणनीति प्रदेश नेतृत्व शीघ्र तय करेगा।
ये भी पढ़ें -हरदोई : पिहानी में बेखौफ चोरों ने एक ही रात में तीन घरों से लाखों का माल उड़ाया
