Indira Gandhi Jayanti: इंदिरा गांधी के सपने को साकार करने के लिए मिलकर काम करने की जरूरत

कांग्रेसियों ने आयरन लेडी इंदिरा गांधी की मनाई जयंती

Indira Gandhi Jayanti: इंदिरा गांधी के सपने को साकार करने के लिए मिलकर काम करने की जरूरत

बहराइच, अमृत विचार। देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री आयरन लेडी भारत रत्न इंदिरा गांधी की 106वीं जयंती पर शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आदर्श अग्रवाल के छावनी बाजार स्थित कार्यालय पर कांग्रेसियों ने विचार गोष्ठी का आयोजन किया। सभी ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धा सुमन अर्पित किया।

शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आदर्श अग्रवाल ने कहा कि इंदिरा गांधी बैंकों का राष्ट्रीयकरण करने जैसा साहसिक फैसला लेने और पृथक बांग्लादेश के गठन और उसके साथ मैत्री और सहयोग संधि करने में सफल होने के बाद बहुत तेजी से भारतीय राजनीति के आकाश पर छा गई। गरीबी मुक्त भारत इंदिरा का एक सपना था। आज भी वह सपना साकार नहीं हो पाया है। सभी लोगों को भारत से गरीबी को मिटाने के लिए मिलकर काम करना चाहिए, ताकि उनके सपने को हकीकत में तब्दील किया जा सके। 

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य अमर नाथ शुक्ल ने कहा कि इंदिरा गांधी की महानता इतनी थी कि विपक्ष के नेता होते हुए पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल विहारी वाजपेयी ने उन्हें दुर्गा का अवतार की संज्ञा दी थी। एक तेज तर्रार, त्वरित निर्णायक क्षमता और लोकप्रियता ने इंदिरा गांधी को देश और दुनिया की सबसे ताकतवर नेताओं में शुमार कर दिया। इंदिरा गांधी को तीन कार्य के लिए देश सदैव याद करता है। पहला बैंकों का राष्ट्रीयकरण, दूसरा पाकिस्तान को पराजित कर बंगलादेश का उदय करना एवं तीसरा राजसी प्रथा को समाप्त करना। 

इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एडवोकेट अनिल सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अब्दुल मुईद चौधरी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष मुकुंद जी शुक्ल, जिला सचिव हमजा शाहिद, अल्पसंख्यक कांग्रेस के शहर अध्यक्ष मो. सलमान पप्पू, शहर उपाध्यक्ष फिरोज खान, मो. सलमान, मेहीलाल, राजू भाई सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:-सीएम योगी ने लखनऊ में खालसा चौक का किया उद्घाटन, कहा- सभी को हृदय से बधाई!