Kanpur News: लोगों की मौतों के बाद नींद से जागा नगर निगम... अब एक माह में पकड़े जाएंगे 500 सांड

कानपुर में एक माह में पकड़े जाएंगे 500 सांड़।

Kanpur News: लोगों की मौतों के बाद नींद से जागा नगर निगम... अब एक माह में पकड़े जाएंगे 500 सांड

कानपुर में छुट्टा सांड़ों के हमलों में लोगों की मौतों के बाद नींद से नगर निगम जागा। अब एक माह में 500 सांड पकड़े जाएंगे। 20 नवंबर से 20 दिसंबर तक विशेष अभियान को लिए पांच टीमें गठित की गई।

कानपुर, अमृत विचार। सड़कों पर आवारा मवेशियों की धमाचौकड़ी से न सिर्फ ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि हादसों में कई लोगों की जान जा चुकी है। इस समस्या को देखते हुए नगर निगम अब शहर में सांड़ों को पकड़ने का विशेष अभियान चलाएगा। नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आरके निरंजन को निर्देश दिए हैं कि सड़कों पर घूम रहे सांड़ों  को पकड़ने के लिए 20 नवंबर से 20 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाएं। महीने भर में लगभग 500 सांड़ पकड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

शहर की सड़कों पर घूमने वाली अधिकांश गाय पालतू होती हैं, जिन्हें नगर निगम पकड़कर गौशालाओं में संरक्षित करता है। महापौर प्रमिला पांडेय पहले ही सड़क पर छोड़े गए पशुओं को जब्त करने का आदेश दे चुकी हैं। अब नगर निगम ने सड़क पर घूमने वाले आवारा सांड़ों को पकड़ने के लिए 20 नवंबर से 20 दिसंबर तक अभियान चलाना तय किया है। इसके लिए पांच कैटिल कैचिंग दस्ता सभी 110 वार्डों में दौड़ेंगे। जिन वार्ड में आवारा सांडों की संख्या अधिक है, वहां ज्यादा जोर दिया जाएगा। 

नगर निगम का मानना है कि चट्टा मालिक बछड़ों, सांड़ों को सड़क पर आवारा छोड़ देते हैं, जो लोगों के लिए समस्या बन रहे हैं। शहरी व बाहरी क्षेत्र जैसे पनकी, चकेरी, राजेन्द्र नगर, जाजमऊ, नारामऊ व अन्य एरिया ग्रामीण क्षेत्रों से लगे हुए हैं, जहां पर किसानों की फसलों को नुकसान से बचाने के लिए आवारा पशुओं को शहरी क्षेत्रों में छोड़ दिया जाता है। 

कंट्रोल रूम और व्हाट्सएप नंबर 

0512-2526004, 2526005, 18001805159, 8429525940 के अलावा स्पेशल अभियान के दौरान एक व्हाट्सअप नंबर 8429526078 व 8601811111 जारी किया गया है, जिस पर मैसेज भेजकर सूचना दी जा सकती है। व्हाट्सअप नंबर पर सूचना देने पर क्विक रिस्पांस टीम सांड़ों को पकड़ने पहुंचेगी। इस नंबर पर सूचना/ शिकायत/ सांड़ के फोटो या लोकेशन भेजी जा सकती है।

सितंबर में पकड़े गए सबसे ज्यादा पशु 

सितंबर में नगर निगम ने कुल 839 पशुओं को पकड़ा था, जिनमें 379 सांड़ और 460 गायें थीं। उनसे पेनाल्टी के रूप में 2,49,300 रुपये जुर्माना वसूला गया। अक्टूबर में कैटिल कैचिंग दस्ते ने अभियान चलाकर 574 पशुओं को पकड़ा था, जिनमें 175 गाय, 390 सांड़ थे। अक्टूबर में 1,33,550 रुपया का जुर्माना भी वसूला गया। इस माह 16 नवंबर तक 67 गाय और 247 सांड़ पकड़ कर गौशाला भेजे थे।

माह             जुर्माना (रुपये में)             पकड़े गए गौवंश

अगस्त             -                                        681
सितम्बर                     249300                        839
अक्टूबर                     133550                            574
एक नंबर से अब तक      37500                             314

ये भी पढ़ें- Chhath Puja 2023: आज शाम से डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी सुहागिनें, घाटों को दुल्हन की तरह सजाया गया