सोनभद्र में महिला ने ससुर और जेठ पर लगाया दुराचार का आरोप, मुकदमा दर्ज
सोनभद्र, अमृत विचार। जिले की राबर्टसगंज कोतवाली पुलिस ने पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पति की मौत का सदमा झेल रही पीड़ित महिला की तहरीर पर ससुर और जेठ के खिलाफ दुराचार का मुकदमा दर्ज किया है। अब पुलिस पूरे मामले में आरोपियों की गिरफ़्तारी के प्रयास कर रही है। वहीं जानकारी मिली है कि मुकदमा दर्ज होने की भनक लगते ही आरोपी फरार हो लिए हैं।
मिली जानकारी अनुसार गाजीपुर जिले के मरदह थाना क्षेत्र की 23 वर्षीया युवती वैशाली ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया था कि उसकी शादी सोनभद्र के राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के ब्रह्नगर गली नंबर-3 निवासी बनारसी पांडेय के सबसे छोटे बेटे रामअनुज पांडेय के साथ वर्ष 2021 के दिसंबर में हुई थी। जिनसे एक पुत्री भी है। पीड़िता के पति राम अनुज पांडे की मृत्यु 15 अगस्त 2022 को धदरौल बांध के समीप संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई थी। पीड़िता का आरोप है कि पति की मौत के बाद उसके ससुर बनारसी पांडे एवं दूसरे नंबर के उनके बेटे अंजनी पांडे की नियत पीड़िता को लेकर गलत रही है।
पीड़िता के अनुसार पति राम अनुज पांडे की मृत्यु के एक महीने बाद ही 25 सितंबर 2022 को ससुर बनारसी पांडे द्वारा उनके मृतक पति का जन्मदिन समारोह मनाया जाता है। यह सब देखकर जब वह रोने लगती है तो ससुर द्वारा पीड़िता के कमरे में आकर आश्वासन दिया कहा जाता है कि अभी मैं जिंदा हूं तुम्हारी हर कमी को मैं पूरा करूंगा। पीड़िता के अनुसार रात्रि के तकरीबन 2 बजे ससुर बनारसी पांडेय उसके कमरे में घुस आये और उससे दुराचार किया। पीड़िता के अनुसार उसके ससुर ने धमकी दी है कि यह बात किसी को पता ना चले वरना तुम्हारा पूरा जीवन बर्बाद कर दूंगा। पीड़िता के अनुसार घटना की दूसरी रात 26 सितंबर 2022 को रात्रि के समय उसका जेठ अंजनी पांडेय उसके कमरे में घुस आया और उसके साथ दुराचार किया।
रावर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने धारा 376, 504 एवं 506 के अंतर्गत बलात्कार के आरोपी ससुर बनारसी पांडेय, जेठ अंजनी पांडेय तथा सास सुशील पांडेय, जेठानी नीलम पांडे एवं ननद मंजू लता पांडेय के मुकदमा कायम कर जांच और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
रावर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर लक्ष्मण पर्वत ने बताया है कि पीड़िता की तहरीर पर जांच उपरांत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है उसका मेडिकल मुआयना भी कराया जा चुका है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किया जा रहे हैं।
