अमरोहा: घर से निकले किसान की मौत, जंगली जानवरों ने नोचा शव
चिकित्सकों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम, हार्ट अटैक से मौत होने की पुष्टि
अमरोहा, अमृत विचार। नशे की हालत में 24 घंटे पहले घर से निकले किसान की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। जंगल में चकरोड पर पड़े शव को रातभर जंगली जानवर नोचते रहे। वीडियोग्राफी के साथ चिकित्सकों के पैनल से कराए गए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में हार्टअटैक से मौत की पुष्टि की गई है।
नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के गांव रतनपुर खुर्द निवासी किसान महिपाल सिंह के परिवार में दो बेटे मनोज व अनिल हैं। मनोज गांव में ही रहकर खेती का काम करते हैं, जबकि अनिल कुमार रेलवे में नौकर हैं। बताया गया कि काफी समय पहले महिपाल सिंह को शराब पीने की लत लग गई थी।
परिजनों के मुताबिक, रविवार रात वह नशे की हालत में घर से निकल गए और फिर वापस नहीं आए। आधी रात गुजरने के बाद भी घर नहीं लौटने पर परेशान परिजनों ने उन्हें परिचितों व रिश्तेदारी में काफी तलाश किया, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद सोमवार सुबह रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव चांदनगर में पीपली कलां मार्ग पर महिपाल सिंह शव चकरोड पर मिला।
सूचना के बाद पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए। उसके शरीर पर गहरे घाव थे। जंगली जानवरों ने शव को नोच लिया था। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। सीओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्टअटैक से मौत की पुष्टि हुई है। परिजनों की तहरीर में उसके शराब पीने की लत की बात कही हुई है। मामले में जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें:- अमरोहा: तिगरी में बसा तंबुओं का शहर, श्रद्धालुओं का रेला बढ़ा
