अमरोहा: घर में घुसकर प्रधान के पति को मारी गोली, हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पूर्व प्रधान गिरफ्तार ,चार लोगों पर लगाया गोली मारने का आरोप

हसनपुर(अमरोहा), अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के गांव सिरसा गुर्जर में रविवार रात घर में घुसकर प्रधान के पति ब्रह्मा सिंह को मारी गोली मार दी गई। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।वहां  चिकित्सक ने उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे मुरादाबाद के बाद मेरठ ले गए। पूर्व प्रधान व उसके तीन साथियों पर गोली मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पूर्व प्रधान को गिरफ्तार कर लिया है।

 घायल प्रधान के पति का कहना है कि वह घर के बरामदे में सो रहा था। तभी कपड़ा हटाकर उसका मुंह देखने के बाद दो लोगों ने पेट में गोली मार दी। दो लोग घर के बाहर खड़े रहे। ब्रह्म सिंह ग्राम प्रधान राजेश्वरी के पति हैं। बताया जा रहा है कि गंगा की रेती पर पालेज लगाने के विवाद में गोली मारी गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान का पति गंगा की रेती पर पालेज लगाने के लिए 5000 रुपये प्रति बीघा के हिसाब से मांग रहा था, जबकि पूर्व प्रधान वीरू सिंह ने रुपये देने से इनकार कर दिया था। पुलिस मामले की जांच  कर रही है। प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। 

कई माह से चल रहा था विवाद, गंभीर नहीं हुई पुलिस
हसनपुर, अमृत विचार: गांव सिरसा गुर्जर में गंगा की रेती पर पालेज लगाने को लेकर प्रधान के पति एवं पूर्व प्रधान में विवाद चल रहा था। ग्रामीणों के अनुसार, कई बार राजस्व एवं पुलिस की टीम गांव में पहुंची, लेकिन पुलिस ने विवाद को गंभीरता से नहीं लिया।

बताया गया कि गंगा की रेती पर पालेज लगाने के एवज में रुपये मांगने को लेकर पूर्व प्रधान से विवाद चल रहा है। विवाद की सूचना पर राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गांव में भी पहुंची लेकिन दोनों विभागों के अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। इसके चलते प्रधान के पति के गोली मार दी गई।

पुलिस पर लगाया राजनीतिक दबाव में कार्य करने का  आरोप
हसनपुर, अमृत विचार: प्रधान के घायल पति ने वीडियो वायरल कर पूर्व प्रधान सहित चार लोगों पर गोली मारने का आरोप लगाया। जबकि पुलिस ने पूर्व प्रधान को नाम दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर लिया है। घायल पक्ष के लोगों ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया और पुलिस पर राजनीतिक दबाव में कार्य करने का आरोप लगाया है। प्रधान के घायल पति के भाई राजेश ने बताया कि परिजनों की गैर मौजूदगी में ग्राम प्रधान राजेश्वरी से एक आरोपी के खिलाफ तहरीर लेकर मामला दर्ज कर लिया है, जबकि घायल के अनुसार गोली मारने के दौरान चार लोग मौजूद थे।

ये भी पढ़ें:- Pakistan: प्रवासियों पर कार्रवाई के बाद चार लाख से ज्यादा अफगान लोग लौटे घर

संबंधित समाचार