लखनऊ के इन इलाकों में आज भी नहीं है पानी का कनेक्शन, लोग बोले - सरकार के दावे यहां हुये फेल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वीरेंद्र कुमार पांडेय / लखनऊ, अमृत विचार। जल जीवन मिशन के तहत घरेलू कनेक्शन देने के मामले में यूपी देश में पहले स्थान पर है। यह दावा सरकार की तरफ से किया गया है। इस दावे के साथ जो आंकड़े बताये गये हैं। वह भी इस बात की पुष्टि कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि करीब 1.80 करोड़ परिवारों को नल से जल मिल रहा है। हालांकि आंकड़े ग्रामीण क्षेत्र के बताये जा रहे हैं, लेकिन इन आंकड़ों के चलते सोशल मीडिया पर लोग सवाल खड़े कर रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि राजधानी लखनऊ की तस्वीर इन आंकड़ो से एकदम अलग हैं। यहां एक बड़ी आबादी को आज तक पानी का कनेक्शन नहीं मिल पाया।

लखनऊ के कई इलाकों में आज भी हजारों लोगों को पानी का कनेक्शन नहीं मिल पाया है। खास बात यह है कि बिना पानी कनेक्शन के लोगों को बिल भी जारी कर दिया गया। हालांकि स्थानीय निवासियों ने जल संस्थान की तरफ से भेजे गये बिल को जमा नहीं किया है।

राजधानी में आज भी जिन इलाकों में लोग अपने स्तर पर पानी की व्यवस्था कर जीवन चला रहे हैं, उसमें अवध विहार कालोनी, राजीव नगर, शंकर पुरी, हरिहर नगर, संतपुरम शामिल है। इस इलाके में आज भी लोगों को सप्लाई के पानी और उसके कनेक्शन का इंतजार है। इसके अलावा कुछ इलाकों में तो पानी की सप्लाई ही नहीं है। 

क्या कहते हैं लोग
स्थानीय निवासी अनुज कुमार पाठक बताते हैं कि सेक्टर - 11 स्थित शंकरपुरी कालोनी में करीब पांच साल पहले पाइप लाइन डाली गई थी। इस दौरान कुछ लोगों को कनेक्शन दिया गया। बाकी इलाके में बहुत से लोगों को कनेक्शन नहीं मिल पाया। जिन लोगों को कनेक्शन मिला भी उनके यहां भी पानी नहीं आया। कोई सुनवाई न तब हुई थी और नाही अब हो रही है।

19 - 2023-11-20T210359.535

सीमा तोमर ने बताया कि इस इलाके में बहुत बड़ी आबादी निवास करती है। जिसे आज तक सप्लाई का पानी नहीं मिल पाया है। पाइप लाइन डाली गई,लेकिन कुछ घरों को छोड़ कर सभी को कनेक्शन नहीं दिया गया। कई जगहों पर पाइप लाइन ही नहीं डाली गई, पानी कैसे मिले।

21 - 2023-11-20T210524.066

किरन पाण्डेय ने बताया कि जब पानी की पाइप लाइन डाली गई थी, उसी समय हमलोगों ने कनेक्शन के लिए कहा था, लेकिन उस समय अधिकारियों की तरफ से कहा गया कि बाद में कनेक्शन होगा, लेकिन आज तक कनेक्शन नहीं हो सका है। अभी थोड़े दिन पहले बिल भेज दिया गया था। जब हमलोगों ने विरोध किया, तो फिर वह मामला खत्म हुआ।

शैलेंद्र बताते हैं कि कई साल पहले पानी की पाइप लाइन डाली गई, कनेक्शन देकर मीटर भी लगा दिया, लेकिन उसमें आज तक पानी नहीं आया है।

22 - 2023-11-20T210733.491

कर्मचारी नेता और स्थानीय निवासी शशि कुमार मिश्र ने बताया कि यह इलाका लखनऊ विधानसभा का पूर्वी क्षेत्र है। सेक्टर-11 और उसके आस पास के कई ऐसे इलाके हैं, आवास विकास कालोनी को छोड़कर जहां पर आज तक सप्लाई का पानी लोगों को नहीं मिल पाया। जनप्रतिनिधि भी इस इलाके की इस मूलभूत सुविधा की तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार लाखों घरों में नल लगाने की बात कर रही है, लेकिन राजधानी में ही लोगों को पानी नहीं उपलब्ध करा पा रही है। लोग अपने स्तर पर पानी की व्यवस्था कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें -प्रयागराज : उत्तर प्रदेश सरकार को बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर बनाने की मिली अनुमति

संबंधित समाचार