इटावा : युवा व्यवसायी को संदिग्ध परिस्थितियों में लगी गोली, हालत खतरे से बाहर
इटावा, अमृत विचार। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला वृंदावन कालोनी में युवा व्यवसायी संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से घायल हो गया। व्यवसायी को घायल अवस्था में सैफई पीजीआई भर्ती कराया गया। उनका आपरेशन सफल रहा। अब उनकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वृंदावन कालोनी निवासी व्यवसायी विकास अग्रवाल उर्फ विक्की अपने घर में मौजूद थे। पत्नी शिक्षिका हैं जो अपने स्कूल चली गई थीं। घर में उनके अलावा उनकी मां मौजूद थी। अचानक गोली चलने की आवाज हुई। गोली विक्की की सीने में लगी। इसके बाद पुलिस को सूचना मिली। घायल अवस्था में परिजन उन्हें सैफई ले गए। एसएसपी संजय कुमार ने बताया कि विकास अग्रवाल का आपरेशन सफलतापूर्वक हो गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर है। मौके से उनकी लाइसेंसी रिवाल्वर मिली है। जिसमें एक कारतूस फंसा मिला है। फोरेंसिक टीम ने रिवाल्वर को अपने कब्जे में ले लिया है। उसकी जांच की जा रही है। उनकी मां से जानकारी मिली है कि घर के अंदर बाहर से कोई व्यक्ति नहीं घुसा। गोली कैसे लगी इस बारे में उनसे जानकारी करने के बाद ही कुछ बताया जा सकेगा। जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें -लखनऊ : एएसपी के इकलौते बेटे को कार से टक्कर मारने वाले आरोपित को पुलिस ने किया गिरफ्तार
