लखनऊ : एएसपी के इकलौते बेटे को कार से टक्कर मारने वाले आरोपित को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। लखनऊ में एडिशनल एसपी श्वेता श्रीवास्तव के इकलौते बेटे को कार से कुचलने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की गिरफ्त में आया आरोपित सार्थक एमिटी विश्वविद्यालय का छात्र बताया जा रहा है। आरोपित के पिता बाराबंकी में समाजवादी पार्टी से चुनाव लड़ चुके हैं। वह पूर्व जिला पंचायत सदस्य रहे चुके हैं। पुलिस आरोपित छात्र से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने वह कार भी बरामद कर ली है, जिससे टक्कर मारी गई थी।

दरअसल, मंगलवार सुबह गोमती नगर क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एडिशनल एसपी श्वेता श्रीवास्तव के 10 वर्षीय बेटे की सड़क हादसे में जान चली गई। बताया जा रहा है कि एडिशनल एसपी श्वेता श्रीवास्‍तव का 10 साल का बेटा नैमिष घर से स्केटिंग करने के लिए निकला था। वहीं आज सुबह जनेश्वर मिश्र पार्क के सामने तेज रफ्तार कार ने उसको टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया था। आसपास के लोग गंभीर हालत में बच्चे को नजदीकी हॉस्पिटल ले गए। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से कार का पता लगाने में जुट गई थी। 

दुर्घटना की सूचना पर स्पेशल डीजी लॉ एंड आर्डर प्रशांत कुमार, डीजी ट्रेनिंग रेणुका मिश्रा, पुलिस कमिश्नर एसबी शिरडकर, नवीन अरोड़ा समेत कई आला अधिकारी श्वेता श्रीवास्तव के घर पहुंचे। वहीं बेटे की मौत के बाद घर पर कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बता दें कि श्वेता श्रीवास्तव लखनऊ में एसआईटी में एडीशनल एसपी के पद पर तैनात हैं। वहीं उनके बेटे की मौत के मामले में स्पेशल डीजी प्रशांत कुमार ने जांच के आदेश दिए थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गोमती नगर में स्थित G20 रोड पर जनेश्वर मिश्र पार्क के सामने सुबह-सुबह वॉक करते हुए ये हादसा हुआ था। सीसीटीवी खंगाले जा रहे थे। जिसके बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

ये भी पढ़ें -लखनऊ: सड़क हादसे में एडिशनल एसपी के बेटे की मौत, स्पेशल डीजी प्रशांत कुमार ने दिए जांच के आदेश

संबंधित समाचार