बाराबंकी : अनुशासनहीनता में प्रधानाध्यापक निलंबित, अभद्र भाषा का किया था प्रयोग
फतेहपुर/ बाराबंकी, अमृत विचार। विभागीय आदेशों की अवहेलना के साथ अनुशासनहीनता करने वाले प्रधानाध्यापक को बीईओ की रिपोर्ट पर बीएसए ने बुधवार को निलंबित कर दिया है। कार्रवाई की जद में आए प्रधानाध्यापक कुमार सौरभ प्राथमिक विद्यालय सैली कीरतपुर में तैनात थे। खंड शिक्षा अधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि प्रधानाध्यापक पर आरोप था कि एमडीएम के संबंध में सहायक लेखाकार मनोज कुमार ने सूचना मांगी थी। उपलब्ध न कराने की दशा में उन्होंने शिक्षक से बात की तो उन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग कर सूचना देने से मना कर दिया।
इस पर की गई जांच में प्रधानाध्यापक कुमार सौरभ द्वारा विभागीय आदेशों की अवहेलना व कर्मचारियों से अभद्रता कर की गई अनुशासनहीनता की बात सामने आई। इसकी रिपोर्ट निलंबन की संस्तुति के साथ बीएसए को भेजी गई थी। इस पर बुधवार को प्रधानाध्यापक कुमार सौरभ को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा निलंबित कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें -महंत नरेंद्र गिरि आत्महत्या मामले में कोर्ट पहुंचे अमर गिरी, 11 दिसंबर को होगी गवाही
