लखनऊ: JE अभ्यर्थियों ने अनवरत धरना 2.0 का किया ऐलान, आयोग ने 2018 में निकाला था विज्ञापन
अमृत विचार, लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की जूनियर इंजीनियर भर्ती 2018 में अभी तक अभ्यर्थियों की नियुक्ति नहीं हुई है। नियुक्ति की मांग को लेकर एक बार फिर जेई अभ्यर्थियों ने 26 नवंबर से अनवरत धरने का ऐलान किया है। दरअसल, इससे पहले जेई अभ्यर्थियों ने जूनियर इंजीनियर भर्ती 2018 के रिजल्ट को लेकर राजधानी लखनऊ के ईको गार्डन में लगातार 200 दोनों तक धरना प्रदर्शन किया था। इसके बाद आयोग की ओर से रिजल्ट जारी किया गया। हालांकि उन जेई अभ्यर्थियों को अभी तक नियुक्ति नहीं मिल पाई है।
बता दें कि साल 2018 में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से जूनियर इंजीनियर भर्ती का विज्ञापन जारी किया गया था। वहीं इसकी परीक्षा आयोग की ओर से 16 अप्रैल 2022 को संपन्न कराई गई। इसके बाद आयोग ने परीक्षा देने वालों का रिजल्ट जारी नहीं किया। ऐसे में रिजल्ट जारी कराने को लेकर जेई अभ्यर्थियों ने इको गार्डन में लगातार 200 दिनों तक धरना प्रदर्शन किया। तब जाकर कहीं इस भर्ती का प्रारंभिक परिणाम घोषित हुआ। इसके बाद आयोग की ओर से पात्र अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन का कार्य भी संपन्न कर लिया गया। लेकिन अभिलेख सत्यापन के ढाई महीने बीत जाने के बाद भी इन अभ्यर्थियों के अंतिम परिणाम अभी तक नहीं आया।
वहीं उनका कहना है कि इस भर्ती को पूरा कराने को लेकर आयोग की ओर से कोई भी कार्यवाही नहीं की जा रही है। जिसको देखते हुए जेई अभ्यर्थियों ने हताश होकर एक बार फिर से अनवरत धरना प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। जेई अभ्यर्थी 26 नवंबर संविधान दिवस के दिन से अनवरत धरने की शुरुआत करेंगे। वहीं इस धरने में प्रदेश भर से कई हजार जेई अभ्यर्थी शामिल होंगे। साथ ही जेई अभ्यर्थियों ने इसका खाखा भी तैयार कर लिया है। अब देखने वाली बात यह होगी कि आखिर शासन-प्रशासन या आयोग इनकी सुधि कब लेता है?
ये भी पढ़ें -लखनऊ: माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में शिक्षकों का प्रदर्शन, OPS समेत 10 मांगों को लेकर धरने पर बैठे
