Kanpur News: लापता युवक का मिला शव, शरीर पर मिले चोटों के निशान, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में लापता युवक का शव पड़ा मिला।

कानपुर में लापता युवक का शव पड़ा मिला। परिजनों ने गांव के ही युवक पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी।

कानपुर, अमृत विचार। महाराजपुर में प्रेमपुर और खजुरिया गांव के बीच रेलवे पटरी किनारे बुधवार को मिले युवक के शव की शिनाख्त गुरुवार को उसके परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर की। युवक दो दिन से लापता था और आखिरी बार गांव के एक युवक के साथ देखा गया था। परिजनों ने गांव के युवक पर हत्या का आरोप लगाया है, जिस पर पुलिस ने उसके घर दबिश दी तो वहां ताला बंद मिला। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। 

महाराजपुर थाना क्षेत्र के तिवारीपुर सरसौल गांव निवासी त्रिभुवन यादव (25) पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। वह रोज सुबह और शाम को दौड़ लगाने जाता था। 21 नवम्बर की शाम पांच बजे वह दौड़ लगाने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन उसके बाद घर नहीं लौटा। देर रात तक उसके घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। देर रात परिजनों ने महाराजपुर थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी थी।

बुधवार को परिजनों ने अपने स्तर से छानबीन की तो पता चला कि त्रिभुवन को आखिरी बार गांव के जय करन सिंह के साथ देखा गया था। परिजन जय करन के घर पहुंचे तो वहां ताला बंद था। पड़ोसियों ने बताया कि रात में ही जय करन अपने परिवार को लेकर कहीं चला गया है। गुरुवार थाने में त्रिभुवन की जानकारी करने पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें बताया कि एक युवक का शव प्रेमपुर और खजुरिया गांव के बीच रेलवे पटरी के पास बुधवार को पाया गया है।

त्रिभुवन का भाई निखिल और अन्य परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। वहां पर उन्होंने अज्ञात में दर्ज युवक के शव की शिनाख्त भाई त्रिभुवन के रूप में कर ली।

भाई निखिल ने बताया कि जिस जगह शव मिलने की बात बताई गई है, उधर त्रिभुवन का जाना ही नहीं था। वह जगह गांव से कई किलोमीटर दूर है। उसने आरोप लगाया कि जय करन ने गांव की रंजिश के चलते त्रिभुवन की हत्या कर मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसे रेलवे पटरी किनारे फेंक दिया। त्रिभुवन के शरीर पर चोटों के कई निशान मिले हैं। 

पुलिस ने जयकरन के घर दबिश दी, लेकिन वहां ताला बंद मिला। महाराजपुर पुलिस ने बताया कि जय करन की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं, उसका फरार हो जाना उसे संदिग्ध बना रहा है। उसके पकड़े जाने के बाद ही हकीकत सामने आएगी।

ये भी पढ़ें- Fatehpur Accident: टक्कर से बाइक व स्कूटी सवार रोड में गिरे, ट्रक ने रौंदा, दो की मौत, तीन अन्य घायल

संबंधित समाचार