अतीक के गुर्गों ने 30 करोड़ की जमीन फर्जीवाड़ा कर हड़पी, जांच शुरू
प्रयागराज, अमृत विचार। एयरपोर्ट क्षेत्र में जाली दस्तावेज बनाकर कर 30 करोड़ की जमीन हड़पने के मामले मे तीन अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें प्रॉपर्टी डीलर मो.अशरफ, अनस हारून व उसकी पत्नी जहीरुन शामिल हैं। वादी का आरोप है कि प्राॅपर्टी डीलर अतीक गैंग का है, जिस पर कई मुकदमे दर्ज हैं। उधर, प्रॉपर्टी डीलर ने इसे अतीक पर दर्ज कराए मुकदमे में बयान बदलने का दबाव बनाने की साजिश बताया है।
जानकारी के अनुसार कटहुला गौसपुर निवासी 70 वर्षीय नफीस आलम ने करैली थाने में तहरीर देकर मुकदमा लिखाया। जिसमे बताया है वह वह वर्तमान समय में जीटीबी नगर, करेली में रहता है। कटहुला गौसपुर स्थित उसकी 30 करोड़ मूल्य की 12 बीघा जमीन को अतीक गैंग का मो.अशरफ निवासी हरवारा बेचने का प्रयास कर रहा है। उसने अपने सहयोगी अनस हारून व गैंग के अन्य सदस्यों के साथ उपनिबंधक कार्यालय प्रथम के कर्मचारियों से मिलकर जमीन का 42 वर्ष पहले की तिथि में कूटरचित बैनामा तैयार कराया है। यह 22.06.81 को सबरजिस्ट्रार कार्यालय प्रथम के कार्यालय में पंजीकृत किया गया है। बैनामे से संबंधित दस्तावेज भी कार्यालय से गायब हैं। यह भी आरोप है कि फर्जी बैनामा पत्र में उसके पिता जुनैद आलम का हस्ताक्षर उर्दू गिरमें किया गया है, जबकि उसके पिता रेलवे में मैकेनिकल इंजीनियर थे और अंग्रेजी में ही हस्ताक्षर करते थे। यह रेलवे के रिकाॅर्ड व उनके बैंक खाते समेत अन्य अभिलेखों से प्रमाणित हो रहा है।
वादी का यह भी कहना है कि 1981 में उक्त आराजी के विधिक स्वामी उसके पिता नहीं बल्कि दादी शहर बानो थीं। इससे साफ जाहिर होता है कि बैनामा कूटरचना करके तैयार किया गया। मामले में डीसीपी नगर दीपक भूकर ने बताया कि तहरीर पर अशरफ, अनस हारून व उसकी पत्नी जहिरून समेत अन्य अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें -रायबरेली : मेला स्थल पर व्यवस्थाओं को लेकर हुई बैठक, SDM ने दिए निर्देश
