बरेली: गुरुपर्व पर धूमधाम से निकाली प्रभातफेरी, सजा मनमोहक दीवान

Amrit Vichar Network
Published By Ashpreet
On

बरेली, अमृत विचार। श्री गुरुनानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य पर रविवार को मॉडल टाउन गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा और सुभाष नगर गुरुद्वारे से सुबह हर्षोल्लास के साथ प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभातफेरी अपने क्षेत्रों में मुख्य मार्गों से होते हुए गुरुद्वारे में पहुंच कर संपन्न हुई। इस दौरान ढोल के साथ श्रीगुरु ग्रंथ साहिब की सवारी के आगे श्रद्धालु झाड़ू, जल और फूलों की सेवा करते हुए आगे बढ़ रहे थे। कीर्तनी गुरु के शब्द गायन कर रहे थे।

शाम को सेंट्रल गुरु पूरब कमेटी के नेतृत्व में अमृतमयी कीर्तन दरबार बिशप मंडल इंटर कॉलेज मैदान में लगे विशाल पंडाल में सजाया गया। शाम को बैंड बाजे के साथ श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की सवारी संगत लेकर पहुंची और पंडाल में पालकी साहिब पर सुशोभित कर प्रकाश किया गया। इसके बाद श्री सोदर रहरास साहिब के पाठ से दीवान की शुरुआत हुई। केशगढ़ से पहुंचे शमनदीप सिंह तान ने कीर्तन गायन किया।

इसके बाद अमृतसर साहिब मंजी साहिब दीवान से पधारे ज्ञानी कुलदीप सिंह गढ़गज ने गुरु साहिब के इतिहास को लेकर कथा का व्याख्यान किया और गुरु जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए संगत को निहाल किया। अंत में हजूरी रागी जत्था श्री दरबार साहिब से आए गुरविंदर सिंह आनंदपुरी ने शब्द गायन किया।

इस दौरान गुरुद्वारा सुभाष नगर कमेटी की तरफ से स्टॉल लगाए गए। समाप्ति के बाद संगत ने लंगर ग्रहण कर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। हरप्रीत सिंह खालसा ने बताया कि सोमवार को सुबह 8 से 3 बजे तक मुख्य दीवान आयोजित होगा। करीब 12 बजे से गुरु का लंगर चलेगा। कार्यक्रम में परमजीत सिंह, हरप्रीत सिंह, दलबीर सिंह, देवेंद्र सिंह, सतवंत सिंह, परमजीत सिंह दुआ, डा. महेंद्र सिंह बासु, रविंद्र पाल सिंह कालरा उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें- बरेली:कानपुर शहर में जल प्रदूषण की रोकथाम के लिए छात्र ने किया शोध

संबंधित समाचार