बुलंदशहर : 5 नकाबपोश बदमाशों ने PNB बैंक को बनाया निशाना, ढाई लाख लूटे, CCTV में कैद वारदात
बुलंदशहर। बुलंदशहर में बदमाशों के हौसले बुलंद है। मामला गांव जिताका का है।। जहां पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की मिनी शाखा में हथियारों के बल पर पांच नकाबपोश बदमाशों ने दो लाख 51 हजार रुपये लूटकर बदमाश दो बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। हालांकि, इस वारदात की पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। इस घटना से पुलिस महकमे में भी हड़ंकप मच गया।
उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर के जिताका गांव स्थित पंजाब नेशनल बैंक की मिनी शाखा में हथियारों के बल पर नकाबपोश पांच बदमाशों ने दो लाख 51 हजार रुपये की डकैती को अंजाम दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि गांव जिताका में पंजाब नेशनल बैंक की मिनी शाखा है। इस शाखा को बैंक मित्र सुनील कुमार व उनका भांजा अतुल संचालित करते हैं। शाखा पर बैंक उपभोक्ताओं के लिए रुपये जमा करने व निकासी की व्यवस्था है।
मंगलवार को शाखा के बाहर अतुल कुमार झाडू लगा रहा था। इस बीच गांव पबरसा की ओर से दो बाइक पर सवार होकर पांच युवक आए। युवकों में कुछ ने हेलमेट व बाकी ने मुंह को कपड़े से ढक रखा था। नकाबपोश युवकों ने अतुल से बैंक की मिनी शाखा में रुपये जमा करने की बात कही। इसके बाद पांचों युवक शाखा के अंदर घुस गए।
इस दौरान युवकों ने एक बैग में रखे दो लाख 51 हजार रुपये लूट लिए। इसका अतुल ने विरोध किया, तो युवकों ने तमंचा निकालकर अतुल की कनपटी पर लगा दिया। बदमाशों ने अतुल को शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाश दो लाख 51 हजार रुपये लूटकर बाइकों पर सवार होकर गांव पबरसा की ओर ही फरार हो गए। बदमाशों के फरार होने के बाद अतुल ने शोर मचाया और अपने मामा व पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
मौके पर एसपी सिटी सुरेन्द्रनाथ तिवारी व कोतवाली प्रभारी नीरज मलिक पहुंचे और बदमाशों की धरपकड़ के लिए कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया। एससपी श्लोक कुमार ने बताया कि बदमाशों को पकड़ने के लिए छह टीम गठित की गई है। दो बाइक पर पांच नकाबपोश बदमाश आए थे और रूपया लूट कर ले गए।
ये भी पढ़ें- बुलंदशहर : दो ट्रकों की भिड़ंत में एक की मौत दो घायल, लगा जाम
