Hamirpur Murder: निर्माणाधीन रेलवे पुल के सामान की देखरेख करने वाले चौकीदार की धारधार हथियार से हत्या…अज्ञात पर FIR दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हमीरपुर में निर्माणाधीन रेलवे पुल के सामान की चौकीदारी करने वाले चौकीदार की धारदार हथियार से हत्या।

हमीरपुर में निर्माणाधीन रेलवे पुल के सामान की चौकीदारी करने वाले चौकीदार की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने अज्ञात पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।

हमीरपुर, अमृत विचार। कोतवाली मौदहा के इचौली गांव के निकट कानपुर बांदा रेल लाइन पर बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के निकट श्याम नाले में बन रहे पुल निर्माण की सामग्री की देखरेख कर रहे एक वृद्ध प्राइवेट चौकीदार की अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से वारकर हत्या कर दी। मृतक चौकीदार के चेहरे पर चोटों के निशान हैं। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

मौदहा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम इचौली में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के पास कानपुर बांदा रेल लाइन में इचौली अकौना के बीच रेलवे विभाग की ओर श्याम नाले में पुल का निर्माण कराया जा रहा है। पिछले करीब छह माह से चल रहे निर्माण कार्य को लेकर यहां पड़े सामान की रखवाली के लिए ठेकेदार ने इचौली गांव निवासी रामसेवक (78) पुत्र सुक्खा प्रजापति को बतौर प्राइवेट चौकीदार रखा था।

सोमवार की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से हमला कर मरणासन्न कर दिया। सुबह करीब सात बजे मौके पर पहुंचे गांव निवासी मूलचंद श्रीवास ने उसे चारपाई के नीचे कराहते देखा तो ग्रामीणों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा तो चौकीदार के माथे और दाढ़ी के नीचे चोटों के गहरे निशान मिले।

चौकीदार के कराहने पर उसके बेटे जयकरन सहित ग्रामीणों ने रामसेवक को बिस्तर पर लिटाया। जहां पर कुछ समय बाद चौकीदार की मृत्यु हो गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक के पुत्र जयकरन की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। क्षेत्राधिकारी मौदहा विवेक यादव मौके पर पहुंचे हैं। बताया कि फील्ड यूनिट टीम/डॉग स्क्वाड द्वारा साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें- Kanpur News: सांस्कृतिक आयोजन मे बजे फिल्मी गाने, बार-बालाओं ने जमकर लगाए अश्लील ठुमके

संबंधित समाचार