प्रतापगढ़ : सपा विधायक डा.आरके वर्मा के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी, जानें क्या है मामला
प्रतापगढ़, अमृत विचार। जिले की रानीगंज विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक डा. आरके वर्मा के खिलाफ बसपा कार्यकर्ता को धमकाने के मामले में कोर्ट ने मंगलवार को गैर जमानती वारंट जारी किया है। जेठवारा थानाध्यक्ष को विधायक को गिरफ्तार कर पेश करने का आदेश दिया है।
अपर सत्र न्यायाधीश विशेष न्यायाधीश विद्युत एक्ट स्नेहलता सिंह ने डा.आरके वर्मा के विरुद्ध न्यायालय में उपस्थित न होने पर गैर जमानती वारंट का आदेश जारी किया। इसके पूर्व 16 सितंबर को विधायक के खिलाफ सम्मन जारी किया गया था। सम्मन जारी होने के बाद भी वे न्यायालय में उपस्थित नहीं हुए तो न्यायालय ने 18 नवंबर को उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी किया। बावजूद इसके न्यायालय में उपस्थित न होने पर न्यायालय ने उनके विरुद्ध गैर जमानती वारंट जारी किया।
विधायक के खिलाफ जेठवारा के पूरे मोतीलाल ऐजका निवासी कन्हैया लाल ने अप्रैल माह में जेठवारा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। कन्हैया ने आरोप लगाया था कि वह बहुजन समाज पार्टी का सक्रिय कार्यकर्ता है। वह नगर पंचायत चुनाव कटरा गुलाब सिंह में अपनी पार्टी का प्रचार कर रहा था, जिसको रानीगंज विधानसभा के वर्तमान विधायक डा.आरके वर्मा ने उसे प्रचार करने से रोका। धमकी दी कि अगर कल से तू मेरी पार्टी कार्यालय पर सुबह नौ बजे नहीं आओगे तो ठीक नहीं होगा। तुम्हें समाजवादी पार्टी का प्रचार करना है। इस मामले की जांच चल रही है।
ये भी पढ़ें -रायबरेली : एंबुलेंस से ले जा रहे थे खाद, डीएम ने लिया एक्शन - चालक निलंबित
