प्रतापगढ़ : राज्य विश्वविद्यालय परीक्षा में 534 परीक्षार्थी अनुपस्थित
प्रतापगढ़, अमृत विचार। प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भय्या) विश्वविद्यालय प्रयागराज की स्नातक और परास्नातक की परीक्षा मंगलवार से शुरु हुई। विश्वविद्यालय द्वारा 76 परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की भीड़ जुटने लगी। दोनों पालियों में 534 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा केंद्र के बाहर परीक्षार्थियों की तलाशी की गई,उसके बाद प्रवेश दिया गया। पहचान पत्र से परीक्षार्थियों के चेहरे का मिलान किया गया। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तक हुई। इस दौरान स्नातक और परास्नातक प्रथम सेमेस्टर के परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 से 4 बजे तक हुई। इसमें स्नातक और परास्नातक तृतीय सेमेस्टर के परीक्षार्थी सम्मिलित हुए। पहली और दूसरी पाली में भूगोल, प्राचीन इतिहास और वाणिज्य विषय की परीक्षा हुई। परीक्षा के लिए 9 नोडल केंद्र बनाए गए हैं। नोडल केंद्र पर सुबह ही दोनों पालियों के प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्रों को उपलब्ध करा दिए गए। पीबीपीजी कालेज सिटी में प्राचार्य प्रो.अमित कुमार श्रीवास्तव की निगरानी में परीक्षा शुरू हुई।
जनसूचनाधिकारी अजीत सिंह के अनुसार दोनों पालियों में 42 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। एसवीएम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पीजी कालेज लालगंज में प्राचार्य डा.अमित कुमार सिंह के अनुसार 321, पीजी कालेज पट्टी में प्राचार्य प्रो.अखिलेश पांडेय के अनुसार 36, एमडीपीजी कालेज में जनसूचनाधिकारी डा.सीएन पांडेय के अनुसार 35 और भागवतदत्त पीजी कालेज लालगंज में प्राचार्य डा.पूनम त्रिपाठी के अनुसार 100 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। विश्वविद्यालय में लगे हाईटेक सेंटर से ऑनलाइन परीक्षा केंद्र व्यवस्था की जानकारी ली जाती रही।
ये भी पढ़ें -प्रतापगढ़ : सपा विधायक डा.आरके वर्मा के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी, जानें क्या है मामला
