Unnao Accident: अनियंत्रित ट्रक बाइक सवारों को टक्कर मार ऊपर पलटा, दो की मौत, हरदोई के रहने वाले थे
उन्नाव में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो की मौत।
उन्नाव में अनियंत्रित ट्रक बाइक सवारों को टक्कर मारकर उनके ऊपर पलट गया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। मृतक हरदोई जिले के रहने वाले थे।
उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव में दोस्ती नगर मार्ग पर तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों बाइक समेत खंती में जा गिरे। इसी दौरान ट्रक भी अनियंत्रित होकर खंती में उन पर पलट गया। इसमें दोनों की मौत हो गयी।
हादसे की सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने क्रेन से ट्रक को हटवाकर शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचना दी और शव पोस्टमार्टम के लिये भेजे हैं।
बता दें हरदोई जिला के कासिमपुर थानांतर्गत गांव करौंदी खेड़ा निवासी बृजेश (28) पुत्र रामनरेश व मल्लावां थानाक्षेत्र के गांव नयागांव निवासी बी पी (22) पुत्र राकेश शुक्रवार को दोस्ती नगर से उन्नाव शहर जा रहे थे। इस दौरान किशोरी खेड़ा के पास ओवरटेक करते समय अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। जिससे दोनों खंती में जा गिरे। तेज रफ्तार ट्रक भी अनियंत्रित हो बाइक सवारों पर खंती में पलट गया।
इसमें दोनों की मौके पर मौत हो गयी। घटना देख मार्ग से गुजर रहे राहगीरों ने हादसे की जानकारी सदर कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाली प्रभारी प्रमोद मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और क्रेन से गेहूं के बोरों से भरे ट्रक को हटवाया और ट्रक के नीचे दबे शवों को बाहर निकाला जा सका। जेब में मिले मोबाइल फोन व गाड़ी के नंबर के आधार पर मृतकों की शिनाख्त हो सकी। पुलिस ने जांच कर शव पोस्टमार्टम के भेजे है। फोन द्वारा मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दी गयी है। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- Kanpur Accident: डिवाइडर से टकराकर ट्रक हाईवे से गिरा नीचे... चालक की दबकर मौत, सामान लादकर आ रहा था कानपुर
