बरेली: यातायात माह में 14557 वाहनों का चालान, 21 पुलिसकर्मियों की गाड़ी भी शामिल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। नवंबर में यातायात माह के तहत विशेष यातायात जागरूकता अभियान के साथ ही ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। इस दौरान पूरे जिले में पिछले एक माह में सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 14,557 वाहनों पर चालान किया गया। जिनमें 11,431 दो पहिया वाहन के चालान शामिल हैं। 

यह कार्रवाई सबसे अधिक बिना हेलमेट और रेड लाइट उल्लंघन पर की गई है। वहीं चालान किए गए 3,126 चार पहिया वाहनों में सबसे अधिक बेल्ट न लगाना और रेड लाइट का उल्लंघन करना शामिल हैं। वहीं इसको लेकर एसपी ट्रैफिक राम मोहन सिंह ने बताया कि इस अवधि में वाहनों पर कुल 1,86,79,300 रुपए का जुर्माना लगाया गया है।

21 पुलिसकर्मियों का भी यातायात माह में चालान
एसपी ट्रैफिक राम मोहन सिंह ने बताया कि यातायात माह में आम लोगों के साथ-साथ 21 पुलिसकर्मियों का भी चालान किया गया। पुलिसकर्मियों के खिलाफ यह कार्रवाई बिना हेलमेट के वाहन चलाते हुए ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर की गई है।

बिना भेदभाव के पुलिसकर्मियों और अधिकारियों का चालान
एसपी ट्रैफिक राम मोहन सिंह ने बताया कि यातायात माह में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी वाहनों का चालान किया गया है। जिसमें किसी भी प्रकार से भेदभाव नहीं किया गया है, चाहें वह पुलिसकर्मी हो या कोई अधिकारी। इस यातायात माह में उल्लंघन करने वाले सभी लोगों के वाहनों का चालान किया गया है।

साथ ही एसपी ट्रैफिक ने अपील करते हुए कहा कि जब भी कोई व्यक्ति सड़क पर हो, तो ऐसे में यातायात नियमों का पालन करें ताकि हम ट्रैफिक जाम और सड़क दुर्घटनाओं को कम कर सकें।

ये भी पढे़ं- बरेली: एक करोड़ की अफीम के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, कार, दो मोबाइल और कैश बरामद

 

 

संबंधित समाचार