बहराइच: ग्रामीण की शिकायत न सुनना लेखपाल को पड़ा भारी, जिलाधिकारी ने किया निलंबित
बहराइच, अमृत विचर। जिले के कैसरगंज तहसील में शनिवार को जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ समस्याओं की सुनवाई की। इस दौरान एक ग्रामीण की शिकायत को अनसुना करने पर डीएम ने लेखपाल को निलंबित कर दिया है। कैसरगंज में जिलाधिकारी मोनिका रानी की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस हुआ।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी रम्या आर., उप जिलाधिकारी पंकज दीक्षित, पुलिस क्षेत्राधिकारी कमलेश प्रताप सिंह व अन्य अधिकारियों के साथ आए हुए फरियादियों के समस्याओं की गंभीरता पूर्वक सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्धता के साथ गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश दिए गए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसुनवाई के दौरान लेखपाल आदित्य श्रीवास्तव के विरूद्ध अनियमित्ता की शिकायत पाये जाने पर डीएम ने निलम्बित करने का निर्देश दिया। समाधान दिवस में ग्राम भदरौली से दिव्यांग भुवन प्रताप सिंह को डीएम के निर्देश पर तत्काल दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी किया गया।
गोडहिया नं. 2 निवासी चुनामन लाल के यहां विद्युत कनेक्शन का विच्छेदन हो जाने के बावजूद विद्युत बिल प्राप्त होने तथा एैनीहतिन्सी के मो. आसिफ के बिल सम्बन्धी शिकायत का डीएम ने संज्ञान लेते हुए एक्सईएन विद्युत कैसरगंज से तत्काल समाधान कराया साथ ही निर्देश दिया कि ऐसे सभी विभागीय मामलों में तत्परता के साथ कार्यवाही की जाय।
डीएम मोनिका रानी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का पूरी संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करते हुए गरीब व पीड़ित व्यक्तियों को त्वरित न्याय दिलाते हुए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शासकीय योजनाओं से आच्छादित कर मा. मुख्यमंत्री के निर्देशों को अमलीजामा पहनाया जाय।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके सिंह, जिला विकास अधिकारी महेन्द्र कुमार पाण्डेय, पीडी डीआरडीए राज कुमार, उप निदेशक कृषि टीपी शाही व अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, तहसीलदार कैसरगंज अजय यादव, बीडीओ, बीईओ, सीडीपीओ व थानाध्यक्ष मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि तहसील मिहींपुरवा (मोतीपुर) में सम्पन्न हुए सम्पूर्ण समाधान दिवस में 20 प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए जिसमें से 2 का मौके पर निस्तारण किया गया। इसी प्रकार अन्य तहसीलों महसी में प्राप्त 32 में 3, सदर बहराइच में प्राप्त 38 में 2, कैसरगंज में प्राप्त 274 में 18, नानपारा में प्राप्त 70 में 7 तथा पयागपुर में प्राप्त 129 में 6 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण मौके पर किया गया।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: महानिरीक्षक कारागार ने बहराइच जेल का किया निरीक्षण, खामियों को दुरुस्त करने के दिए निर्देश
