Farrukhabad Crime: शराब के नशे में प्रेमियों ने ही की थी महिला की हत्या, दो हत्यारोपी गिरफ्तार, ये सामान हुआ बरामद
फर्रुखाबाद में महिला की हत्या करने वाले दो हत्यारोपी गिरफ्तार।
फर्रुखाबाद में महिला की हत्या करने वाले दो हत्यारोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मृतका का मोबाइल व अधजले कपड़े के साथ मंगल सूत्र बरामद हुआ।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। शमसाबाद थाना क्षेत्र में की गई महिला की हत्या का खुलासा एसओजी टीम व क़ायमगंज पुलिस ने किया। शराब के नशे में धुत प्रेमियों ने ही महिला को मौत के घाट उतारा था। पुलिस ने दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए हत्यारोपियो की निशान देही पर मृतका का मोबाइल, अधजले कपड़े व मंगल सूत्र भी बरामद किया है।
उल्लेखनीय है कि कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के गांव प्रेमनगर निवासी दयाराम पुत्र स्वर्गीय हप्पू जाटव ने पुलिस को दी तहरीर में कहा था कि पत्नी सगुना 22 नवंबर की सुबह 10 बजे बिना बताए कहीं चली गई थी। खोजबीन के बाद जब कहीं पता नहीं चला तो उसने28 नवंबर को कोतवाली कायमगंज में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
इसके बाद उसे शुक्रवार को पता चला कि शमशाबाद क्षेत्र में फैजबाग स्थित पशु चिकित्सालय के पीछे गन्ने के खेत में किसी महिला का शव पड़ा हुआ है। इस पर वह अपनी बेटी चांदनी के साथ मौके पर पहुंचा। उसने तथा उसकी बेटी ने अधजले शव को कपड़ों तथा नेल पॉलिश व बिछिया आदि से पहचाना था। पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी।
एसपी विकास कुमार ने बताया कि इस घटना का खुलासा करने के लिए एसओजी प्रभारी अमित गंगवार, क़ायमगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रामअवतार की संयुक्त टीम को लगाया गया। एसओजी और क़ायमगंज कोतवाली पुलिस ने सर्विलान्स के जरिये पवन पुत्र गोवर्धन निवासी कुइयां खेड़ा फैजबाग थाना थाना शमसाबाद व एहशान उर्फ झब्बू पुत्र लाल मियां निवासी हंसा गोराई को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की।
इन दोनों ने बताया कि घटना के समय हम दोनों शराब पिये थे। सगुना से हम दोनों के अवैध सम्बंध थे। सगुना पैसे मांग रही थी, जिसको लेकर उससे झगड़ा हुआ। शराब ने नशे में हम दोनों ने उसकी हत्या की थी। शव की पहचान मिटाने को सगुना के शव को जला दिया।
पुलिस ने इन दोनों की निशान देही पर मृतका का मोबाइल व अधजले कपड़े व मंगल सूत्र बरामद कर लिया है। महिला हत्या कांड में गिरफ्तार किए गए पवन व एहशान का पुलिस ने लोहिया अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण कराया।इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।न्यायालय ने दोनों आरोपितों को 14 दिन के रिमांड पर जिला जेल फतेहगढ भेज दिया है।
ये भी पढ़ें- UP: प्रेमी के लिए सात जन्मों तक साथ निभाने वाले पति का कत्ल... कानपुर की इन दो घटनाओं ने रिश्ते को किया कलंकित
