शाहजहांपुर: ट्राला ने साइकिल को मारी टक्कर, भाई की मौत, बहन घायल, चालक फरार
भाई-बहन स्कूल पढ़ने जा रहे थे
शाहजहांपुर, रौसरकोठी/रोजा, अमृत विचार: यार्ड तिराहे पर ट्राला ने साइकिल को टक्कर मार दी, जिससे भाई की मौत हो गई और बहन घायल हो गई। दोनों लोग साइकिल से स्कूल पढ़ने जा रहे थे। घटना के बाद चालक ट्राला लेकर भाग गया। रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र के गांव रौसरकोठी निवासी राजवीर सिंह रोजा चीनी मिल में सुरक्षा कर्मी है। उसका नौ वर्षीय पुत्र दीपक और 15 वर्षीय बेटी सोनम आकांक्षा पब्लिक स्कूल में पढ़ती है।
दोनों भाई बहन सुबह नौ बजे साइकिल से स्कूल से जा रहे थे। सोनम साइकिल चला रही थी और उसका भाई पीछे साइकिल पर बैठा हुआ था। चीनी मिल से गन्ना तुलवाकर ट्राला वापस आ रहे थे। यार्ड तिराहे के पास ट्राला ने साइकिल को टक्कर मार दी, जिससे भाई-बहन घायल हो गए। चालक ट्राला लेकर भाग गया। साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पुलिस और परिवार वाले मौके पर पहुंचे।
चीनी मिल की प्राइवेट एंबुलेस घायल भाई-बहन को एक प्राइवेट अस्पताल में ले गयी। डाक्टर ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल सोनम को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। मृतक दीपक कक्षा तीन का छात्र था और तीन भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। उसका मां का नाम बबली है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर से परिवार में रोना पीटना मच गया। प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह चौहान ने बताया तहरीर मिलने पर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
अतिक्रमण को लेकर हो रही घटनाएं: रौसरकोठी चीनी मिल में पेराई सत्र के शुरु होते ही वाहनों का आवागमन बढ़ गया है। यार्ड तिराहे को अतिक्रमण ने पूरी तरह ढक लिया। ठेले आदि लगे होने से लोगों का पैदल निकलना मुश्किल हो जाता है। दुकानदारां ने अपनी दुकान का सामान आगे बढ़ा लिया है। अतिक्रमण को लेकर आए दिन दुर्घटनाएं घटित होती है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को होती है। क्षेत्र के लोगों ने कई बार शिकायत की। लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया।
ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर: बंडा में एनआईए का छापा, आरोपी और लैपटॉप-फोन बंग्लुरू ले गई टीम, जाली नोटों से जुड़ा मामला
