लखनऊ : केजीएमयू के प्रो.एपी टिक्कू हुये सेवानिवृत्त, अब करेंगे यह काम
लखनऊ, अमृत विचार। हजारों चेहरों पर खूबसूरत मुस्कान की वजह बने केजीएमयू में कंजर्वेटिव डेंटेस्ट्री एंड एंडोडोंटिक्स विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. एपी टिक्कू शनिवार को सेवानिवृत्त हो गये। करीब 45 साल का समय उन्होंने किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में गुजारा है। इस दौरान उन्होंने केजीएमयू के एक विद्यार्थी से लेकर फैकल्टी ऑफ डेंटल साइंस के डीन बनने तक का सफर पूरा किया है।

शनिवार को जब प्रो.एपी टिक्कू सेवानिवृत्त हुये, तो उन्हें विदाई देने के लिए स्टूडेंट, फैकेल्टी और स्टाफ समेत अन्य लोग उमड़ पड़े। खुद के प्रति लोगों का उमड़ता प्यार देख डॉ. एपी टिक्कू भी भावुक हो उठे और कहा कि अपने काम में पारदर्शिता बनाये रखना एक टीचर के लिए बहुत जरूरी है। इसके अलावा यह भी ध्यान रखना चाहिए कि कभी भी किसी के साथ पक्षपात नहीं करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि एक शिक्षक जो अपने स्टूडेंट को सिखाये, वही कार्य शिक्षक को करना भी चाहिए।
इस दौरान डॉ. एपी टिक्कू को बधाई देने के लिए लोगों के पहुंचने का क्रम जारी रहा। डॉ. एपी टिक्कू के प्रति लोगों के प्यार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आज उनके विदाई समारोह के दौरान एक रथ पर उन्हें बैठाकर सम्मानित किया गया है। रथ पर सफर के दौरान डॉ.एपी टिक्कू और उनके परिवार के सदस्य मौजूद रहे।
डॉ. एपी टिक्कू ने सेवानिवृत्त होने के बाद अमृत विचार के साथ हुई बातचीत में कहा कि वह निजी क्षेत्र में तो नहीं जायेंगे। उन्होंने राजनीति के मैदान में उतरने की बात कही है। हालांकि वह सेवानिवृत्त होने के बाद और राजनीति में जाने से पहले कुछ समय तक राष्ट्रीय दंत चिकित्सा आयोग में काम करने की मंशा भी जता चुके हैं। किंगजार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के फैकल्टी ऑफ डेंटल साइंस के पूर्व डीन और कंजर्वेटिव डेंटेस्ट्री एंड एंडोडोंटिक्स विभाग के विभागाध्यक्ष रहे प्रो.एपी टिक्कू सिर्फ डॉक्टर होने के कारण ही प्रसिद्ध नहीं है, बल्कि साफ नीयत और नेक इरादे के चलते वह लोगों के दिलों पर राज कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : बेहद खतरनाक है Mefenamic acid, शरीर के इन अंगों पर करता है वार - कहीं आपकी दवा में तो नहीं शामिल है ये Salt
