अमेठी : नेशनल हाइवे पर मौरंग से लदा ट्राला पलटा, 5 घंटे यातायात रहा बाधित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमेठी, अमृत विचार। जायस कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर चौराहे के निकट अनियंत्रित होकर मौरंग से लगा ट्राला बुधवार की भोर में पलट गया। बीच सड़क पर ट्राला पलटने से करीब 5 घंटे आवागमन बाधित रहा। सुबह करीब साढ़े नौ बजे क्रेन की मदद से ट्राला को सड़क के किनारे किया तब जाकर आवागमन सुचारू रूप से शुरू हुआ। 

बुधवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे रायबरेली की तरफ से ट्राला संख्या एचआर 73 बी 1433 पर चालक मौरंग लादकर जायस की तरफ जा रहा था। जायस कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर चौराहे के निकट जानकी ट्रेडर्स के पास पहुंचते ही अनियंत्रित होकर बीच नेशनल हाइवे पर पलट गया। ट्राला पलटने से उस पर लदी मौरंग चारों तरफ दूर-दूर फैल गई। जिससे आवागमन बाधित रहा। घंटों मशक्कत के बाद मजदूर लगाकर ट्रैक्टर ट्राली से बिखरी मौरंग को सड़क से हटाया गया। जिससे दो पहिया वाहन को आने जाने में सुगमता मिली। लेकिन बड़े वाहनों को फिर भी इंतजार करना पड़ा।

पांच घंटे बाद सुबह करीब साढ़े नौ बजे जब क्रेन आया और ट्राला को खींचकर सड़क के किनारे किया तब जाकर आवागमन सुचारू रूप से चल सका। हादसे में ट्राला चालक को मामूली चोटें आई है। यातायात सुचारू रूप से चलने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।

ये भी पढ़ें -हरदोई के शाहाबाद में हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत

संबंधित समाचार