बरेली: पश्चिमी बाईपास के निर्माण के लिए 12 गांवों में भूमि अधिग्रहण की तैयारी तेज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। नेशनल हाईवे-24 और पूर्वी यानी बड़ा बाईपास को जोड़ने के लिए बनाए जा रहे पश्चिमी बाईपास के निर्माण के लिए 12 गांवों की भूमि के अधिग्रहण की तैयारी तेज हो गई है।

विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी (संयुक्त संगठन) ने तहसीलदार सदर को इन गांवों में चिह्नित भूमि के गाटा नंबरों की सूची भेजकर स्पष्ट करने को कहा है कि इसमें कितनी भूमि निजी और कितनी सरकारी है। तहसील से यह रिपोर्ट मिलने के बाद विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी (संयुक्त संगठन) और एनएचएआई के अधिकारी साथ मिलकर भूमि अर्जन की कार्रवाई शुरू कर देंगे।

दिल्ली रोड पर झुमका तिराहे से चौबारी होते हुए लखनऊ रोड पर इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी तक करीब 40 किमी लंबे पश्चिमी बाईपास का निर्माण किया जाना है। पिछले साल इसके लिए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने 34 गांवों की भूमि का अधिग्रहण करने का गजट जारी किया था।

झुमका तिराहे से लेकर चौबारी तक उन गांवों की सूची के साथ गजट जारी किया गया था जिन गांवों की भूमि पश्चिमी बाईपास के लिए अधिग्रहीत की जानी है। पूर्वी बाईपास तैयार होने के साथ आठ साल पहले पश्चिमी बाईपास के निर्माण की तैयारी शुरू हो गई थी। अब जाकर इसमें तेजी आने की उम्मीद है।

बता दें कि झुमका तिराहे से लेकर चौबारी तक करीब 19.0 किमी की दूरी है। पश्चिमी बाईपास लखनऊ-बदायूं-दिल्ली रोड को जोड़ेगा। उम्मीद जताई जा रही है कि पश्चिमी बाईपास बनने के बाद शहर में जाम की समस्या भी कम होगी। लखनऊ से दिल्ली-बदायूं और दिल्ली से बदायूं-लखनऊ जाने वाला भारी यातायात शहर में घुसे बगैर इस रिंगरोड से गुजर सकेंगे। इससे शहर में भारी वाहनों की आवाजाही कम होगी और सड़कों पर लोड कम होगा।

49 गाटा नंबरों की जांच के बाद तैयार होगी रिपोर्ट
बादशाह नगर गांव में गाटा संख्या 526, बेहटी देह जागीर गांव के गाटा नंबर 18, 19 व 404, चौबारी मु. गांव के 231, 432, 452, 525 व 590, धंतिया गांव के गाटा नंबर 618, 619, 620, 621, 648, 653, 654, 654/807, 655, 793, 794, महेशपुर ठाकुरान गांव के गाटा नंबर 15, 16, 17, 18, 19, 22, 23, 42 और 480, महगवां उर्फ ऊंचा गांव के गाटा नंबर 166, 168, 169, 170, 180, 193, 211, रसूला चौधरी गांव में गाटा नंबर 726, रोंधी मुस्तकी में गाटा नंबर 91, सहसिया हुसैनपुर गांव के गाटा नंबर 188, सराय तल्फी गांव के गाटा नंबर 576, सराय तल्फी मुस्तकीम गांव के गाटा नंबर 279, 280, 281, 289, 290, 484, 48 और सरनियां गांव के गाटा नंबर156 की भूमि के बारे में तहसीलदार सदर से रिपोर्ट मांगी गई है। 

रिपोर्ट में यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि इसमें कितनी भूमि निजी और कितनी सरकारी है। किस भूमि पर भवन बने हैं, सरकारी इमारतें क्या हैं, कृषक और अकृषक भूमि को भी श्रेणीबद्ध किया जाना है। इन सब श्रेणियों में बिंदुवार रिपोर्ट देने को कहा गया है।

तहसीलदार को किया आगाह, रिपोर्ट देने में देरी की तो खुद होंगे जिम्मेदार
विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी (संयुक्त संगठन) समक्ष प्राधिकारी आशीष कुमार ने तहसीलदार सदर को भेजी चिट्ठी में कहा है कि सूची के अनुसार वे जल्दी से जल्दी जांच पूरी कराकर रिपोर्ट भिजवाएं। रिपोर्ट उपलब्ध न होने पर अभिनिर्णय घोषणा में विलंब हो सकता है, ऐसी स्थिति में पूरा उत्तरादायित्व उन्हीं का होगा।

यह भी कहा है कि 12 गांवों की भूमि के संबंध में अभिनिर्णय घोषित का प्रतिकर भुगतान किया जाना है। माना जा रहा है कि शासन की ओर से जल्द यह प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, इसी वजह से भूमि अध्याप्ति अधिकारी की ओर से तहसीलदार को आगाह किया गया है।

ये भी पढे़ं- बरेली: बिजली चोरी का वीडियो वायरल, अवर अभियंता पर आरोप

 

संबंधित समाचार