मुरादाबाद : हरियाणा से आलू लेकर बिहार जा रहा ट्रक गहरी खाई में पलटा, 3 घंटे रेस्क्यू के बाद चालक को सुरक्षित निकाला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर रामगंगा नदी पुल से पहले अनियंत्रित होकर पलटा ट्रक, मौके पर मौजूद कटघर थानाध्यक्ष व अन्य पुलिसकर्मी

मुरादाबाद। हरियाणा से आलू लेकर बिहार के पुरनिया जा रहा ट्रक रामगंगा नदी के पुल से पहले हाईवे के किनारे गहरी खाई में जाकर पलट गया। गनीमत रही कि ड्राइवर को हल्की-फुलकी चोट जरूर आई, लेकिन उसकी जान बच गई। घटना सुबह 5:00 बजे की बताई जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने 3 घंटे रेस्क्यू के बाद चालक को सुरक्षित निकाला। चालक गोविंद पुत्र सुनील सिंह ने ट्रक पलटने का कारण बताते हुए कहा कि वह बरेली की तरफ जा रहा था। 

रामगंगा नदी के पुल से पहले की तरफ डिवाइडर पर कई गोवंश खड़े थे। ये सभी डिवाइडर से उतरकर मार्ग पर आने लगे थे, इनके बचाव में ट्रक अनियंत्रित हो गई और हाईवे छोड़कर गहरी खाई में जाकर पलट गई। ट्रक में अकेले चालक ही था। उसने यह भी बताया कि हादसा होने से 3 मिनट पहले ही उसकी ट्रक मालिक से फोन पर हाल-चाल को लेकर बातचीत भी हुई थी। ट्रक (यूपी-27-एटी-1341) में 30 टन आलू लोड था। चालक गोविंद शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद का रहने वाला है। उधर, गश्त कर रहे पुलिस कर्मियों को घटना की जानकारी मिलते ही वह थाना और चौकी पर खबर करते हुए मौके पर पहुंचे थे। 

कुछ ही देर में कटघर थाना क्षेत्र के काशीपुर तिराहा पुलिस चौकी के इंचार्ज ओम शुक्ल अपनी टीम के हेड कांस्टेबल कुलदीप कुमार, नीरज कुमार व सचिन कुमार के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तुरंत चालक गोविंद सिंह के बचाव में रेस्क्यू शुरू कर दिया। चौकी इंचार्ज की सूचना पर मौके पर कटघर थानाध्यक्ष तेजवीर सिंह भी पहुंच गए थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि लगभग 3 घंटे चले रेस्क्यू के बाद चालक को सुरक्षित बचा लिया गया है। ट्रक मालिक को घटना की जानकारी दी गई है। इस मामले में अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : ठंड बढ़ने पर आई रैन बसेरों में इंतजाम सुधारने की याद

संबंधित समाचार