अयोध्या : चीनी मिल के पास हाइवे पर रोज लगता है भीषण जाम, दुकानदारों की छिनी रोजी-रोटी
मसौधा चीनी मिल में पेराई के चलते अयोध्या - प्रयागराज हाइवे जाम की चपेट में
मसौधा /अयोध्या, अमृत विचार। अयोध्या - प्रयागराज हाइवे मसौधा चीनी मिल को आने वाली गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से जबरदस्त जाम की गिरफ्त में है। रोजाना यहां घंटों जाम से आवागमन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। इसके चलते हाइवे और सोहावल तहसील मार्ग दोनों जाम के संकट से जूझ रहा है। गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्रालियों के कारण घंटों जाम लग रहा है।
पैदल व दुपहिया वाहन चालक तो जैसे तैसे आ- जा भी रहे हैं। चार पहिया वाहनों निकलना टेढ़ी खीर बन गया है। सर्वाधिक दुर्दशा तो सहालग की सीजन में उन वाहनों की है जो सज-धजकर बारात या किसी शुभ मुहूर्त में शामिल होने जा रहे हैं। ऐसे लोगों को कई किलोमीटर मुड़ कर जाना मजबूरी बन गई। इतना ही नहीं चीनी मिल में गन्ना आपूर्ति को आए ट्रैक्टर ट्रॉलियों के जाम से पटरी दुकानदारों के धंधे में गिरावट आने से ख़ासा आक्रोश है। जूता पालिश, सब्जी विक्रेता, ठेले, खोमचे पर दुकान की बदौलत परिवार की जीविका चलाने वाले सैकड़ों दुकानदारों की रोजी रोटी छिन गई है।
सहकारी गन्ना विकास समिति मसौधा के सचिव मुकेश पांडे ने बताया सड़कों पर गन्ना लदे वाहनों का जाम राहगीरों के लिए गंभीर समस्या है। हाइवे पर जैसे तैसे हो भी रहा है। मसौधा - सोहावल तहसील मार्ग, चार पहिया वाहनों के लिए समझो ब्लॉक है। पैदल राहगीरों का चलना दुश्वार है।उन्होंने बताया कि 15 मेगावाट टरबाइन में ब्लास्ट हो जाने के बाद मिल प्रबंधन 10 मेगावाट टरबाइन से धीमी गति गन्ना पेराई कार्य कर रहा है। ऐसे में किसान सभी गन्ना पर्चियां पर गन्ने की तौल कराना चाह रहे हैं। जिसकी वजह से सड़क पर जाम की स्थिति है।
थाना प्रभारी बोले
हाइवे पर जाम न हो इसके लिए पुलिस कर्मियों को लगाया गया है। दोनों छोर से यातायात का संचालन धीरे-धीरे कराया जा रहा है। पेराई सत्र में जाम की समस्या आती ही है।
- रतन कुमार शर्मा, थाना प्रभारी, पूराकलंदर, अयोध्या
ये भी पढ़ें -अयोध्या: बाइक सवार को सौ मीटर तक घसीट ले गई ट्रैक्टर ट्राली, युवक की मौत
