गोरखपुर : सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल हुए CM योगी, कहा - कुप्रथा को समाप्त कर रही डबल इंजन सरकार
गोरखपुर, अमृत विचार। सीएम योगी आदित्यनाथ अब से कुछ देर पहले यहां आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने यहां विवाह बंधन में बंधे 1500 जोड़ों को उनके उज्जवल भविष्य और सुखी दाम्पत्य जीवन के लिए आशीर्वाद दिया। सीएम योगी ने कहा कि अब तक मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जिले के 4531 परिवार इससे जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में 3 लाख से ज्यादा परिवारों को इस योजना से लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार बाल विवाह और दहेज़ लेनदेन की कुप्रथा को समाप्त करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार इस दिशा में बेटी पढ़ाओ - बेटी बचाओ और कन्या सुमंगला योजना भी संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना में बेटी के जन्म से लेकर जीवन पर्यन्त उसकी शिक्षा के लिए सरकार आर्थिक सहायता देती है। सीएम ने कहा कि बेटियों की शिक्षा के लिए अभी तक 15 हजार रुपये दिए जाते हैं लेकिन आने वाले नए वित्तीय वर्ष से इस राशि को बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दिया जायेगा।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में दहेज़ के अभाव में किसी भी बेटी को सुखी दाम्पत्य जीवन न मिले ऐसा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में जोड़ों को पहले 31 हजार रुपये की धनराशि दी जाती थी, जिसे अब बढ़ाकर 51 हजार रुपये डबल इंजन की सरकार ने कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस धनराशि के जरिये वर-वधु को उनके जरूरत का सामान मुहैया कराया जाता है साथ ही सरकार की तरफ से उनके बैंक अकाउंट में भी धनराशि भेजी जाती है।
सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं को लगातार सशक्त करने का काम कर रही है। सीएम ने कहा कि संसद में महिला आरक्षण बिल पेश करना इसकी मिसाल है। उन्होंने कहा कि देश में अब तक जो भी योजनाएं शुरू हुई हैं सभी में महिलाओं को केंद्र में रखा गया है। उन्होंने कहा कि देश में 9 करोड़ 7 लाख लोगों को उज्ज्वला योजना से लाभान्वित किया गया है। इस योजना का लाभ यूपी के 1 करोड़ 7 लाख लोगों को भी मिला है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सामूहिक विवाह योजना में शामिल सभी परिवार बेहद भाग्यशाली हैं। यहां मेहमानों के स्वागत में मंत्री, विधायक, सांसद, प्रशासनिक अधिकारी स्वयं उपस्थित होते हैं। साथ ही मेहमानों के खाने-पीने से लेकर सभी सुविधाओं का ध्यान भी रखा जाता है।
ये भी पढ़ें - दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी आएंगे PM मोदी, काशी तमिल संगमम सहित कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल
