बरेली: तीन साल में एसपी ट्रैफिक ने कई प्रयोग किए पर जाम से नहीं मिली राहत
बरेली, अमृत विचार। एसपी ट्रैफिक राम मोहन सिंह ने करीब तीन साल के कार्यकाल में शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए तमाम प्रयोग किए मगर समस्या खत्म नहीं हुई। उन्होंने प्रमुख चौराहों को दोहरा बनाकर ट्रैफिक नियंत्रण का प्रयोग किया पर सेटेलाइट चौराहे के जाम से शहरवासियों को निजात नहीं मिल सकी। यहां डग्गामार वाहनों की वजह से जाम लगना आम बात है।
एसपी ट्रैफिक ने सबसे पहले गांधी उद्यान चौराहे पर सीमेंट के ब्लॉक रखकर ट्रैफिक सिस्टम को पटरी पर लाने की कोशिश की। स्टेडियम रोड के ईंट पजाया और शहामतगंज चौराहे को बड़े ब्लॉकों से दोराहा बनाया, मगर लोगों को जाम से राहत नहीं मिली।
विकास भवन की सड़क से आने वाले को बारादरी जाने के लिए शहामतगंज चौकी के सामने से होकर पुन: चौराहे पर आकर जाना पड़ रहा है। बाजार क्षेत्र के लोगों को फल मंडी से घूमकर पेट्रोल पंप के सामने से होकर चौराहे की ओर जाना पड़ रहा है। पीलीभीत रोड पर जब सुरेश शर्मा नगर चौराहा और संजय नगर चौराहा जाम के प्वाइंट बने तो यहां भी ब्लॉक रखकर चौराहों की व्यवस्था कर दी। उन्होंने जनवरी 2021 में बरेली के एसपी ट्रैफिक की कमान संभाली थी।
ये भी पढे़ं- बरेली: सीटी स्कैन मशीन इंस्टाल, अगले सप्ताह से होगी जांच
