मथुराः लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही कुरूक्षेत्र की महिला की मौत, हत्या की आशंका
पुलिस ने महिला के साथी को लिया हिरासत में, गले पर मिले चोट के निशान
मथुरा, अमृत विचार। गोवर्धन की कृष्णा विहार कॉलोनी में एक किराए के मकान में पिछले दस दिन से लिव-इन रिलेशनशिप में रही महिला की रविवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों मौत हो गई। महिला के गले पर मिले चोट के निशान से उसकी हत्या किए जाने की आशंका है। पुलिस ने पूछताछ के लिए महिला के साथी को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार कुरूक्षेत्र की टबरा कॉलोनी निवासी शम्मी और जलवला कॉलोनी की रहने वाली हरजिंदर कौर दोनों गोवर्धन की कृष्णा विहार कॉलोनी में पिछले करीब दस दिन से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। शम्मी अपनी महिला साथी को लेकर के गोवर्धन स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया। स्वास्थ्य केंद्र से प्राप्त सूचना पर सीओ गोवर्धन राममोहन शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
सीओ गोवर्धन ने बताया कि महिला के गले पर चोट के निशान हैं। दम घुटने से मौत होने की आशंका भी इंकार नहीं किया जा सकता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। महिला के साथी को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। अब तक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि महिला और पुरुष पूर्व में दोनों एक साथ ही पंजाब में नौकरी करते थे। यहीं से दोनों के बीच में लिव इन रिलेशनशिप रहने की सहमति बनी और गोवर्धन में आकर रहने लगे। दोनों ही पहले से शादीशुदा थे। पुलिस को आसपास के लोगों से यह भी जानकारी मिली है कि जब से वह यहां रह रहे थे। तभी से दोनों के बीच में वाद विवाद भी होता रहता था।
ये भी पढ़ें- मथुरा: श्रीकृष्ण जन्मभूमि के नए ढांचे की शिला पर अंकित होगा परिवार का नाम और गोत्र
