बहराइच: मोटर व्यापार मंडल ने दुकान बंद कर जताया विरोध, किया प्रदर्शन, जानें किस बात से हैं नाराज?
बहराइच, अमृत विचार। शहर के तिकोनीबाग से त्रिमुहानी घाट तक मार्ग पर जाम की समस्या को देखते हुए नगर पालिका और जिला प्रशासन की ओर से डिवाइडर निर्माण के लिए दुकानदारों को अल्टीमेटम दिया गया था। इसके विरोध में सोमवार को मोटर व्यापार यूनियन ने दुकान बंद कर विरोध जताया।

सभी ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन करते हुए डीएम को ज्ञापन दिया। व्यापारियों की मांग को देखते हुए अब डिवाइडर निर्माण कुछ दूरी में करवाने पर सहमति बन गई है। कलेक्ट्रेट सभागार में व्यापार समिति की बैठक में व्यापारियों ने तिकोनी बाग चौकी से लेकर त्रिमुहानी घाट तक जाम की समस्या से जिलाधिकारी मोनिका रानी और नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर को अवगत कराया था।
जिलाधिकारी और नगर मजिस्ट्रेट के निर्देश पर नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी प्रमिता सिंह ने त्रिमुहानी घाट मार्ग पर पहुंचकर कुछ दुकानदारों के अतिक्रमण को गिरवा दिया था। साथ ही नोटिस देकर अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। इसके विरोध में तिकोनीबाग मोटर व्यापार यूनियन के पदाधिकारी सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंच गए।
सभी ने प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी से अपनी व्यथा सुनाई। जिलाधिकारी ने व्यापारियों की समस्या सुनकर नगर मजिस्ट्रेट और अधिशासी अधिकारी से वार्ता कर समस्या के निदान का निर्देश दिया। इस पर व्यापारी शांत होकर वापस चले गए। नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि व्यापारियों से वार्ता हो गई है समस्या का निदान भी हो गया है, अब किसी को कोई एतराज नहीं है।
इस प्रकार होगा निर्माण
नगर पालिका परिषद बहराइच के अधिशासी अधिकारी परमिता सिंह ने बताया कि जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए डिवाइडर का निर्माण किया जाएगा, लेकिन डिवाइडर निर्माण ऊंचाई में डेढ़ ईंट के बराबर रहेगा। साथ ही बीच-बीच में जगह छोड़ दी जाएगी। इसके बाद उसे पेट से पुताई करवा दिया जाएगा, जिससे लोगों को पहचान मिल सके और हादसे न हो।
यह भी पढ़ें: बहराइच: अतिक्रमण पर राजस्व विभाग का चला बुलडोजर, तालाब, श्मशानघाट व रास्तों की जमीन को कराया खाली
