लखनऊ: एडिट फोटोग्राफ को वायरल करने की धमकी देकर वसूले पांच लाख, जांच में जुटी पुलिस
लखनऊ, अमृत विचार। ऑनलाइन लोन की अदायगी के बाद जालसाजों ने एक युवक की फोटोग्राफ को एडिट कर उसे ब्लैकमेलिंग का शिकार बनाया। फिर डर-धमका कर जालसाजों ने उससे पांच लाख रुपये ऐंठ लिए। बावजूद इसके जालसाजों ने उसे परेशान करना बंद नहीं किया तब पीड़ित ने बीबीडी थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। वहीं, तालकटोरा थानाक्षेत्र में एक युवक ने किशोरी की फर्जी आईडी बना उसकी आपत्तिजनक फोटोग्राफ वायरल कर दी गई। दोनों ही मामलों पुलिस साइबर क्राइम सेल की मदद से तफ्तीश कर रही है।
बीबीडी प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, उत्तरधौना निवासी पीड़ित ने बिजनेस सॉल्यूशन एप से ऑनलाइन ऋण लिया। निर्धारित समय पर पीड़ित ने लिए गए ऋण की अदायगी भी कर दी थी। आरोप है कि ऋण चुकाने के लिए उसके मोबाइल और वाट्सएप पर अलग-अलग नंबरों से मैसेज आने लगे। रुपये देने से इंकार करने पर जालसाजों ने पीड़ित की फोटोग्राफ को एडिट कर एक अश्लील वीडियो बनाया लिया।
इसके बाद बाद जालसाज उसकी फोटोग्राफ को परिचितों के पास भेजने की धमकी देने लगे। विरोध किए जाने पर जालसाजों ने उसे डरा-धमका कर पांच लाख रुपये भी वसूल कर लिए। बावजूद इसके जालसाज पीड़ित से अतिरिक्त रुपयों की मांग करने लगे। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर के आधार पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
वहीं, तालकटोरा थानाक्षेत्र अन्तर्गत राजाजीपुरम ई-ब्लॉक की रहने वाली किशोरी (17) इंटरमीडिएट की छात्रा है। छात्रा का आरोप है कि एक माह पूर्व उसके नाम से इंस्टाग्राम आईडी बनाई गई। जिसमें युवती की फोटो का इस्तेमाल किया गया। मार्फिंग तकनीक का इस्तेमाल कर तैयार की गई अश्लील फोटो को कई लोगों को भेजा गया। किशोरी की आईडी पर भी उसकी फोटो भेजी गई। प्रभारी निरीक्षक अजय मिश्र के मुताबिक पीडि़ता की तहरीर पर आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें:-बहराइच में भीषण सड़क हादसा: ट्राली में पीछे से घुसी कार, हेड कांस्टेबल समेत तीन की मौत
