संभल: मेंथा फैक्ट्री मैनेजर को गोली मारने वाला आरोपी गिरफ्तार
एसपी ने आरोपी पर किया था पांच हजार रुपये का इनाम घोषित
चन्दौसी, अमृत विचार। कोतवाली पुलिस ने मेंथा फर्म मैनेजर को गोली मारने के आरोपी को घटना के पांचवें दिन बदायूं चुंगी के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मुरादाबाद हाइवे से झाड़ियों से हमले में प्रयुक्त देशी पिस्टल बरामद की है। घटना के बाद फरार चल रहे आरोपी पर एसपी ने पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
शुक्रवार की शाम साढ़े सात बजे बिसौली गेट स्थित पीएस केमिकल फैक्टरी से अपने घर लौट रहे मैनेजर हरिओम मिश्रा को पास ही स्थित अन्य मेंथा फैक्टरी स्वामी विष्णु अग्रवाल ने अपनी देशी पिस्टल 32 बोर से गोली मारकर घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। इस मामले में पुलिस ने घायल की पत्नी अंजली की ओर से मुख्य आरोपी विष्णु अग्रवाल व राहुल अग्रवाल के अलावा दो अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमला, गाली-गलौच, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की थी। घटना के बाद मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर था। मंगलवार को आरोपी बदायूं चुंगी पर बाहर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था। तभी पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी से डीवीआर, एक सप्लाई बॉक्स भी बरामद किया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया है। घायल हरिओम मिश्रा का उपचार मुरादाबाद स्थित निजी हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सिंह पवार, एसएसआई सदाकत अली, उपनिरीक्षक रामकुमार सिंह, हेड कांस्टेबिल प्रवेश कुमार, अनुज कुमार, अरुण कुमार शामिल रहे। वारदात में शामिल एक नामजद आरोपी समेत तीन लोग फरार हैं।
मेंथा फैक्टरी के मैनेजर पर जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके पास से घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल 32 बोर, एक डीवीआर व एक सप्लाई बॉक्स बरामद किया गया है। इस मामले में पुलिस अधीक्षक ने थाना पुलिस व सर्विलांस समेत चार टीमें गठित की थीं। मुख्य आरोपी पर पांच हजार का इनाम भी घोषित किया था। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी- प्रदीप कुमार सिंह, सीओ चन्दौसी।
ये भी पढ़ें- संभल: सरे बाजार झांसा देकर महिला के कुंडल और पाजेब लेकर भागे टप्पेबाज
